विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

काशी एक्सप्रेस में आधी रात यात्रियों को नींद से जगाकर टिकट मांग रहा था फर्जी TTE, पिपरिया में RPF ने दबोचा

Published: Fri, 20 Nov 2026 06:06 PM (IST)

काशी एक्सप्रेस में आधी रात फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों से वसूली की कोशिश कर रहे एक व्यक्ति को पिपरिया के पास आरपीएफ ने गिरफ्तार किया है। आरोपी अनिल कुमार महोबिया यात्रियों को धमका रहा था, जिसे जबलपुर मंडल की एस्कॉर्ट टीम ने सतर्कता से पकड़ा।

आरपीएफ जवानों की गिरफ्त में फर्जी टीटीई (मध्य में)।

आरपीएफ जवानों की गिरफ्त में फर्जी टीटीई (मध्य में)।

HighLights

  1. काशी एक्सप्रेस में फर्जी टीटीई यात्रियों से वसूली करते गिरफ्तार।

  2. यात्रियों को टिकट न दिखाने पर ट्रेन से उतारने की धमकी।

  3. आरपीएफ जवानों की सतर्कता से यात्रियों को ठगी से बचाया गया।

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। काशी एक्सप्रेस में आधी रात फर्जी टीटीई बनकर यात्रियों से टिकट चेकिंग के नाम पर धमकाने और वसूली की कोशिश करने वाले एक व्यक्ति को रेलवे सुरक्षा बल (RPF) ने गिरफ्तार किया है। आरोपी यात्रियों को टिकट नहीं दिखाने पर अगले स्टेशन पर उतारने की धमकी दे रहा था। जबलपुर मंडल की एस्कॉर्ट टीम के दो जवानों की सतर्कता से यात्रियों को संभावित ठगी से बचा लिया गया।

पकड़े गए आरोपी की पहचान अनिल कुमार महोबिया के रूप में हुई है। उसके पास रेलवे का कोई वैध पहचान पत्र या ड्यूटी से संबंधित दस्तावेज नहीं मिले।

पिपरिया के पास पकड़ा गया फर्जी टीटीई

घटना 19-20 नवंबर की दरमियानी रात गोरखपुर-लोकमान्य तिलक टर्मिनस काशी एक्सप्रेस (15018) की है। जबलपुर से इटारसी तक एस्कॉर्ट ड्यूटी कर रहे आरपीएफ हेड कांस्टेबल राजवीर और कांस्टेबल मुकेश कुमार को रात करीब 2:10 बजे पिपरिया स्टेशन के पास सूचना मिली कि ट्रेन के सेकंड जनरल कोच में एक व्यक्ति टीटीई बनकर यात्रियों के टिकट चेक कर रहा है।

सूचना मिलते ही दोनों जवान संबंधित कोच में पहुंचे और संदिग्ध को पकड़ लिया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह करेली स्टेशन से ट्रेन में सवार हुआ था। यात्रियों ने आरपीएफ को बताया कि आरोपी उन्हें सोते समय जगाकर टिकट मांग रहा था। टिकट नहीं दिखाने पर अगले स्टेशन पर उतारने की धमकी भी दे रहा था।

गाडरवारा जीआरपी के हवाले किया

आरपीएफ ने घटना की जानकारी जबलपुर मुख्यालय को दी। आरोपी को इटारसी में आरपीएफ पोस्ट और जीआरपी के समक्ष पेश किया गया। क्षेत्राधिकार स्पष्ट होने के बाद वरिष्ठ अधिकारियों के निर्देश पर उसे जीआरपी थाना गाडरवारा के सुपुर्द कर दिया गया। अरोपी नरसिंहपुर के बरमान कलां स्थित शारदा कॉलोनी का निवासी है।

फर्जी टीटीई को पकड़ने में तत्परता, सतर्कता और कर्तव्यनिष्ठा दिखाने वाले हेड कांस्टेबल राजवीर और कांस्टेबल मुकेश कुमार को रेलवे की ओर से पुरस्कृत करने की अनुशंसा की गई है।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।