विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रीवा-सीधी हाईवे पर भीषण हादसा: बस-बल्कर की टक्कर में 5 की मौत, 21 यात्री घायल; पीएम मोदी ने जताया दुख

Published: Wed, 02 Sep 2026 07:26 PM (IST)Updated: Wed, 02 Sep 2026 08:55 PM (IST)

रीवा-सीधी मार्ग पर नेशनल हाईवे-39 पर बस और बल्कर की भीषण टक्कर में पांच यात्रियों की मौत हो गई और ...और पढ़ें

टक्कर के बाद पलटी बस।

टक्कर के बाद पलटी बस।

HighLights

  1. बस-बल्कर टक्कर में 5 की मौत, 21 यात्री घायल हुए।

  2. घायलों में तीन की हालत गंभीर, आईसीयू में भती किया गया।

  3. सीएम ने मृतकों-घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की।

डिजिटल डेस्क, रीवा। नेशनल हाईवे-39 के रीवा-सीधी मार्ग पर बुधवार शाम एक भीषण सड़क हादसे ने कोहराम मचा दिया। बदवार स्टैंड के पास रीवा से सीधी जा रही यात्री बस क्रमांक एमपी 29 पी 1501 की बल्कर से जोरदार टक्कर हो गई। भिड़ंत इतनी जबर्दस्त थी कि बस सड़क किनारे करीब 7 फीट गहरी खाई में जा गिरी। हादसे में पांच अज्ञात यात्रियों की मौत हो गई, जबकि 21 लोग घायल हुए हैं। इनमें तीन घायलों की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें ICU में भर्ती किया गया है।

हादसा बुधवार शाम करीब पांच बजे जिला मुख्यालय से लगभग 32 किलोमीटर दूर हुआ। टक्कर के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी। जानकारी मिलते ही गुढ़ थाना प्रभारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और राहत एवं बचाव अभियान शुरू कराया।

 

rewa bus accid 257

जेसीबी की मदद से खाई से निकाली गई बस

हादसे की गंभीरता को देखते हुए रीवा कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी और एसपी डॉ. गुरकरण सिंह भी मौके पर पहुंचे। उनके साथ एसडीएम सुधाकर सिंह, तहसीलदार अरुण यादव, रायपुर कर्चुलियान थाना प्रभारी राजकुमार तिवारी समेत प्रशासन और पुलिस का अमला मौजूद रहा।

स्थानीय लोगों और जेसीबी की मदद से दुर्घटनाग्रस्त बस को खाई से बाहर निकाला गया। इसके बाद बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालकर उपचार के लिए भेजा गया। शुरुआत में घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र गुढ़ ले जाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर घायलों को श्याम शाह मेडिकल कॉलेज के संजय गांधी अस्पताल, रीवा रेफर किया गया।

सांसद और विधायक भी पहुंचे मौके पर

हादसे की जानकारी मिलते ही रीवा सांसद जनार्दन मिश्रा और स्थानीय विधायक नागेंद्र सिंह घटनास्थल पर पहुंचे। जनप्रतिनिधियों ने राहत-बचाव कार्य का जायजा लिया और घायलों को बेहतर उपचार उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।

बस के फिटनेस, परमिट और ओवरलोडिंग की होगी जांच

कलेक्टर नरेंद्र कुमार सूर्यवंशी ने दुर्घटना के बाद बस के दस्तावेजों की जांच के निर्देश दिए हैं। बस का फिटनेस, बीमा, परमिट और निर्धारित क्षमता की जांच की जाएगी। यह भी देखा जाएगा कि बस में क्षमता से अधिक यात्री तो नहीं सवार थे।

जानकारी के अनुसार दुर्घटनाग्रस्त बस प्रतिदिन करीब 240 किलोमीटर का सफर तय करती है और रीवा से चुरहट, बघोर, सीधी, पटपरा और अमिलिया तक संचालित होती है।

बारिश के बीच तेज रफ्तार बनी हादसे की वजह?

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार हादसे के समय बारिश हो रही थी, जिससे सड़क पर फिसलन थी। बताया जा रहा है कि बल्कर की रफ्तार तेज थी और चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख सका। हालांकि हादसे की वास्तविक वजह पुलिस और प्रशासन की जांच के बाद ही स्पष्ट होगी।

बल्कर भारी सामग्री के परिवहन के लिए इस्तेमाल होने वाला विशेष वाहन है। इसमें सीमेंट, फ्लाई ऐश और अन्य पाउडरनुमा सामग्री को एक स्थान से दूसरे स्थान तक ले जाया जाता है।

यह भी पढ़ें- तीन साल की बच्ची से दुष्कर्म-हत्या के दोषी की फांसी की सजा आजीवन कारावास में बदली; MP हाईकोर्ट का बड़ा फैसला

सीएम ने जताया दुख, आर्थिक सहायता का ऐलान

इस हादसे पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने गहरा दुख जताते हुए मृतकों के परिजनों और घायलों के लिए आर्थिक सहायता की घोषणा की है। राज्य शासन की ओर से हादसे में जान गंवाने वाले प्रत्येक मृतक के आश्रित को 2-2 लाख रुपये की सहायता दी जाएगी। वहीं गंभीर रूप से घायल यात्रियों को 1-1 लाख रुपये की आर्थिक मदद प्रदान की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने रीवा जिला प्रशासन को निर्देश दिए हैं कि संजय गांधी अस्पताल और मेडिकल कॉलेज में भर्ती सभी घायलों को बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराई जाए। घायलों का उपचार निःशुल्क कराने के निर्देश भी दिए गए हैं।

पीएम मोदी ने जताया दुख 

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने इस हादसे पर दुख जताया और मारे गए लोगों के परिवारों के प्रति संवेदना व्यक्त की। प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) ने X पर एक पोस्ट में लिखा कि मध्य प्रदेश के रीवा में हुए हादसे में लोगों की जान जाना दुखद है। मेरी संवेदनाएं उन लोगों के साथ हैं जिन्होंने अपने प्रियजनों को खो दिया है। घायलों के जल्द ठीक होने की प्रार्थना करता हूं।

ये यात्री हुए घायल

हादसे में घायल यात्रियों में सुजीत कुमार गुप्ता, अनिल साकेत (26), मनवसुआ साकेत (50), सबीना बेगम, रामपाल पटेल, आंजली पटेल (19), ब्रिजेन्द्र कुमार पटेल, रमेश कोल (32), मोहम्मद अंसारी (35), शिवानी पटेल (19), मोहम्मद इरशाद रजा अंसारी (18), मोहम्मद इब्राहिम (32), संजू पटेल (28), श्याम बाबू, पुनीत शुक्ला (32), गीता पटेल और 12 वर्षीय धीरज सहित अन्य यात्री शामिल हैं।