विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा से रीवा लाए जा रहे गांजा तस्कर को फिल्मी अंदाज में छुड़ाया, पुलिस पर बेहोशी का स्प्रे कर फरार; तीन गाड़ियों में आए थे बदमाश

Published: Tue, 29 Sep 2026 02:29 PM (IST)

ओडिशा पुलिस की हिरासत से रीवा लाए जा रहे कुख्यात गांजा तस्कर आदित्य मिश्रा को सीधी की छूहिया घाटी में ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र

-प्रतीकात्मक चित्र

HighLights

  1. कुख्यात गांजा तस्कर आदित्य मिश्रा पुलिस हिरासत से फरार हो गया।

  2. छूहिया घाटी में बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर बेहोशी का स्प्रे किया।

  3. तीन गाड़ियों से आए बदमाशों ने आरोपी को छुड़ाकर ले गए।

डिजिटल डेस्क, रीवा। ओडिशा पुलिस की कस्टडी से रीवा लाया जा रहा कुख्यात गांजा तस्कर आदित्य मिश्रा मंगलवार दोपहर पुलिस को चकमा देकर फरार हो गया। सीधी जिले के रामपुर नैकिन थाना क्षेत्र स्थित छूहिया घाटी में तीन गाड़ियों से आए बदमाशों ने पुलिस वाहन को घेरकर कथित तौर पर पुलिसकर्मियों पर बेहोशी का स्प्रे किया और आरोपित को छुड़ाकर ले गए। दिनदहाड़े हुई इस घटना से सीधी और रीवा पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया।

जानकारी के अनुसार, गांजा तस्करी के मामले में ओडिशा पुलिस की हिरासत में बंद आदित्य मिश्रा को ट्रांजिट रिमांड पर रीवा लाया जा रहा था। मंगलवार दोपहर करीब 12 बजे पुलिस का वाहन जैसे ही छूहिया घाटी के पास पहुंचा, पहले से घात लगाए बैठे बदमाशों ने तीन गाड़ियों से उसे घेर लिया।

बताया जा रहा है कि बदमाशों ने पुलिसकर्मियों पर बेहोशी का स्प्रे किया, जिससे वे कुछ देर के लिए अचेत हो गए। इसी दौरान बदमाश आदित्य मिश्रा को लेकर फरार हो गए। हालांकि, घटना के पूरे घटनाक्रम की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।

घाटी और आसपास के जंगलों में सघन तलाशी अभियान

घटना की सूचना मिलते ही सीधी और रीवा पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए। सीधी एसपी और रामपुर नैकिन थाना पुलिस के साथ रीवा के अधिकारियों ने मोर्चा संभाल लिया है। छूहिया घाटी और आसपास के जंगलों में नाकाबंदी कर सघन तलाशी अभियान चलाया जा रहा है।

यह भी पढ़ें- Gen-Z आंदोलन और चुनाव आयोग पर स्वामी अविमुक्तेश्वरानंद की दो टूक, बोले- नई पौध से टकराना सत्ता को पड़ेगा भारी

आरोपित को भगाने में इस्तेमाल की गई तीनों गाड़ियों की पहचान के लिए आसपास के सीसीटीवी कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं। पुलिस फरार आरोपित और उसे छुड़ाने वाले बदमाशों की तलाश में जुटी है।

कई राज्यों में दर्ज हैं गांजा तस्करी के मामले

आदित्य मिश्रा रीवा-सीधी क्षेत्र का कुख्यात गांजा तस्कर बताया जाता है। उसके खिलाफ कई राज्यों में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामले दर्ज हैं। ओडिशा पुलिस की कस्टडी से उसे छुड़ाने के लिए कथित तौर पर की गई इस सुनियोजित कार्रवाई ने पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।