मंडला नगर पालिका के CMO को 200000 रुपये रिश्वत लेते लोकायुक्त ने दबोचा, 15 लाख भुगतान के बदले मांगी थी घूस
मंडला में लोकायुक्त पुलिस ने नगर पालिका सीएमओ गजानन नाफड़े को 2 लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार ...और पढ़ें

मुख्य नपा अधिकारी गजानन नाफड़े (लाल घेरे में) को रिश्वत लेते लोकायुक्त ने दबोचा।
HighLights
मंडला सीएमओ गजानन नाफड़े 2 लाख रिश्वत लेते गिरफ्तार।
ठेकेदार के 15 लाख रुपये भुगतान के बदले मांगी थी घूस।
जबलपुर लोकायुक्त टीम ने नगर पालिका कार्यालय में की कार्रवाई।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। प्रदेश के मंडला में लोकायुक्त पुलिस ने शुक्रवार को नगर पालिका परिषद के मुख्य नपा अधिकारी (सीएमओ) गजानन नाफड़े को दो लाख रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार किया। कार्रवाई नगर पालिका कार्यालय में की गई। आरोप है कि सीएमओ ने एक ठेकेदार से उसके करीब 15 लाख रुपये के बकाया भुगतान के बदले रिश्वत मांगी थी। शिकायत के सत्यापन के बाद लोकायुक्त की टीम ने जाल बिछाकर अधिकारी को पकड़ लिया। इस ट्रैप कार्रवाई से नगर पालिका कार्यालय में हड़कंप मच गया।
बकाया भुगतान के बदले मांगी थी रिश्वत
लोकायुक्त पुलिस के मुताबिक, जबलपुर निवासी ज्ञानचंद बेन और उनकी पत्नी मंजू बेन पंजीकृत ठेकेदार हैं। मंजू बेन की फर्म को मंडला नगर पालिका से एलईडी लाइट और फिटकरी की आपूर्ति का ठेका मिला था, जबकि ज्ञानचंद बेन को पाइप जॉइंट और वाटर कूलर की सप्लाई का काम सौंपा गया था।
शिकायत के अनुसार, मंजू बेन की फर्म को काम के एवज में 3.92 लाख रुपये का भुगतान हो चुका था। इसके बाद ज्ञानचंद बेन अपने करीब 15 लाख रुपये के लंबित भुगतान के सिलसिले में सीएमओ गजानन नाफड़े से मिले।
आरोप है कि सीएमओ ने भुगतान जारी करने के बदले उन्हें होने वाले और उनकी पत्नी की फर्म को पहले मिल चुके भुगतान का 12 प्रतिशत रिश्वत के रूप में मांगा था।
शिकायत सत्यापन के बाद बिछाया जाल
रिश्वत की मांग से परेशान होकर ज्ञानचंद बेन ने जबलपुर लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई। लोकायुक्त एसपी अंजुलता पटले के निर्देश पर शिकायत का सत्यापन कराया गया। इस दौरान रिश्वत मांगे जाने की पुष्टि होने के बाद टीम ने ट्रैप की योजना बनाई।
शुक्रवार को जैसे ही रिश्वत की रकम का लेन-देन हुआ, लोकायुक्त की टीम ने सीएमओ गजानन नाफड़े को मौके पर ही पकड़ लिया।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज
लोकायुक्त पुलिस ने गजानन नाफड़े के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम, 1988 (संशोधित 2018) की धारा 7, 13(1) (बी) और 13(2) के तहत प्रकरण दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। ट्रैप दल में निरीक्षक राहुल गजभिए, जितेंद्र यादव, बृजमोहन सिंह नरवरिया सहित जबलपुर लोकायुक्त की टीम के अन्य सदस्य शामिल रहे।
