'10 लाख दो, वरना झूठे केस में फंसा दूंगी...' जबलपुर में कारोबारी से ब्लैकमेलिंग; होटल में ढाई लाख लेते ही आर्केस्टा डांसर गिरफ्तार
जबलपुर में एक रियल एस्टेट कारोबारी को झूठे केस में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने वाली आर्केस्ट्रा डांसर को ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
जबलपुर में रियल एस्टेट कारोबारी को ब्लैकमेल करने का मामला।
आर्केस्ट्रा डांसर ने झूठे केस की धमकी देकर मांगे 10 लाख।
पुलिस ने होटल में ढाई लाख लेते हुए महिला को दबोचा।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। जबलपुर में रियल एस्टेट कारोबारी को झूठे मामले में फंसाने की धमकी देकर ब्लैकमेल करने का मामला सामने आया है। पुलिस के मुताबिक, एक आर्केस्ट्रा डांसर ने कारोबारी से समझौते के नाम पर 10 लाख रुपये की मांग की थी। बाद में सौदा सात लाख रुपये में तय हुआ। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने जाल बिछाया और रविवार को पहली किस्त के रूप में ढाई लाख रुपये लेते ही शातिर महिला को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने कार्रवाई दमोहनाका मार्ग स्थित चेरीताल के पास होटल कदम ट्री में की। अब पुलिस महिला की पृष्ठभूमि और उसके संभावित संपर्कों की जांच कर रही है।
कार्यक्रम में हुई थी कारोबारी से पहचान
पुलिस के अनुसार, उमरिया जिले के बिरसिंहपुर पाली निवासी पूजा रैदास रोहणी (32) आर्केस्ट्रा डांसर है। कुछ महीने पहले एक कार्यक्रम के दौरान उसकी मुलाकात ग्वारीघाट निवासी रियल एस्टेट कारोबारी सार्थक सिंह गौतम से हुई थी। दोनों ने मोबाइल नंबर साझा किए और बातचीत शुरू हो गई।
धीरे-धीरे दोनों के बीच दोस्ती हो गई और मुलाकातें भी होने लगीं। आरोप है कि कुछ समय बाद महिला ने कारोबारी से रुपये की मांग शुरू कर दी।
10 लाख नहीं दिए तो झूठे केस में फंसाने की धमकी
कारोबारी की शिकायत के अनुसार, महिला ने रकम नहीं देने पर उसे झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी और कथित तौर पर समझौते के लिए 10 लाख रुपये मांगे। लगातार दबाव के बाद दोनों के बीच सात लाख रुपये में मामला तय होने की बात सामने आई।
ब्लैकमेलिंग से परेशान कारोबारी ने पुलिस से संपर्क किया। शिकायत मिलने के बाद पुलिस ने महिला को रकम लेते हुए पकड़ने की योजना बनाई।
होटल में पहली किस्त लेते ही दबोचा
पुलिस ने कारोबारी के जरिए महिला से फोन पर बातचीत कराई और तय योजना के मुताबिक उसे रविवार को होटल कदम ट्री बुलाया गया। महिला के होटल पहुंचने पर कारोबारी ने उसे ढाई लाख रुपये की पहली किस्त दी।
जैसे ही महिला ने रकम अपने हाथ में ली, होटल के बाहर पहले से तैनात पुलिस टीम ने उसे पकड़ लिया। इसके बाद उसे हिरासत में लेकर थाने ले जाया गया।
ब्लैकमेलिंग नेटवर्क से कनेक्शन की जांच
महिला की गिरफ्तारी के बाद पुलिस अब उसके पुराने रिकॉर्ड, परिचितों और संपर्कों की जानकारी जुटा रही है। पुलिस यह भी पता लगाने का प्रयास कर रही है कि क्या वह अकेले इस तरह की गतिविधि करती थी या उसके साथ कोई गिरोह भी सक्रिय है।
