विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मैहर में छलका ‘लापता लेडीज’ फेम अभिनेता का दर्द: मेहनताना न मिलने का आरोप, रोते हुए वीडियो ने मचाई हलचल

Published: Sun, 28 Jun 2026 04:42 PM (IST)

अभिनेता सतेंद्र सोनी ने मैहर में फिल्म 'पेट पालकी' की शूटिंग के बाद मेहनताना न मिलने का आरोप लगाते हुए एक भावुक वीडियो साझा किया। पुलिस ने हस्तक्षेप कर उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की और उन्हें मुंबई वापस भेजा, जिसके लिए अभिनेता ने आभार व्यक्त किया।

अभिनेता सतेंद्र सोनी ने जाहिर की पीड़ा (वीडियो ग्रैब)

अभिनेता सतेंद्र सोनी ने जाहिर की पीड़ा (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. अभिनेता सतेंद्र सोनी को फिल्म 'पेट पालकी' का मेहनताना नहीं मिला।

  2. मैहर में शूटिंग के बाद भुगतान न मिलने पर वीडियो वायरल।

  3. पुलिस ने हस्तक्षेप कर कलाकारों को सुरक्षित मुंबई पहुंचाया।

डिजिटल डेस्क, मैहर। सपनों की नगरी मुंबई से मध्य प्रदेश के मैहर पहुंचे एक युवा अभिनेता की आंखों से निकले आंसुओं ने न केवल इंटरनेट मीडिया को झकझोर दिया, बल्कि फिल्मी दुनिया के उस कड़वे सच को भी उजागर कर दिया, जहां संघर्षरत कलाकार कई बार अपने ही हक के लिए लड़ने को मजबूर हो जाते हैं। चर्चित फिल्म ‘लापता लेडीज’ से पहचान बनाने वाले अभिनेता सतेंद्र सोनी ने जब इंटरनेट मीडिया पर रोते हुए अपना वीडियो साझा किया, तो देखते ही देखते यह मामला सुर्खियों में आ गया।

इंटरनेट मीडिया पर पोस्ट किए अपने वीडियो में अभिनेता सतेंद्र सोनी ने आरोप लगाया कि उन्हें फिल्म ‘पेट पालकी’ की शूटिंग के लिए मैहर बुलाया गया था। उन्होंने लगभग आठ दिनों तक लगातार शूटिंग की, लेकिन काम पूरा होने के बाद उन्हें तय पारिश्रमिक नहीं दिया गया। आरोप है कि जब उन्होंने अपनी मेहनताना राशि की मांग की तो उन्हें पैसे देने के बजाय धमकियों का सामना करना पड़ा।

भावुक वीडियो ने खींचा लोगों का ध्यान

आर्थिक और मानसिक दबाव के बीच अभिनेता ने इंटरनेट मीडिया का सहारा लिया और भावुक होकर अपनी पीड़ा दुनिया के सामने रखी। वीडियो में छलकते आंसू केवल एक कलाकार की व्यथा नहीं थे, बल्कि उन संघर्षों की कहानी भी थे, जिनसे कई कलाकार गुजरते हैं। वीडियो बहुप्रसारित होते ही मैहर पुलिस और प्रशासन सक्रिय हो गया। पुलिस अधिकारियों ने तत्काल कलाकारों से संपर्क किया और उनकी सुरक्षा सुनिश्चित की।

मुंबई पहुंचकर जताया आभार

रविवार को अभिनेता ने रेलवे स्टेशन से एक और वीडियो जारी कर बताया कि वह अपने साथी कलाकारों के साथ सुरक्षित मुंबई पहुंच गए हैं। उन्होंने संकट की घड़ी में सहयोग के लिए मैहर पुलिस, पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह, कोतवाली थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी तथा पूरी पुलिस टीम के प्रति आभार व्यक्त किया।

यह भी पढ़ें- सिवनी में बेकाबू 'तूफान' वाहन दीवार तोड़कर घर में घुसा, तीन मजदूरों की मौत; जबलपुर-नागपुर हाईवे पर हुआ हादसा

कोतवाली थाना प्रभारी अनिमेष द्विवेदी ने बताया कि इंटरनेट मीडिया के माध्यम से मामला संज्ञान में आने के बाद पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। कलाकारों ने यहां आगे काम न करने की इच्छा जताई, जिसके बाद उन्हें सुरक्षा के साथ रेलवे स्टेशन तक पहुंचाकर मुंबई रवाना किया गया।

देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।