विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटनी में भूसा व्यापारी बनकर पहुंची पुलिस, रिश्वत लेते रंगेहाथ धराया आरक्षक, TI भी नपे

Published: Mon, 30 Mar 2026 09:49 PM (IST)

कटनी जिले के बहोरीबंद थाना क्षेत्र में भूसा ले जा रहे वाहनों से वसूली के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने ...और पढ़ें

आरक्षक को रिश्वत लेते पकड़ा (प्रतीकात्मक चित्र)

आरक्षक को रिश्वत लेते पकड़ा (प्रतीकात्मक चित्र)

timer icon

समय कम है?

जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में

संक्षेप में पढ़ें

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। कटनी जिले के बहोरीबंद थाना क्षेत्र में भूसा ले जा रहे वाहनों से वसूली के आरोप में पुलिस अधीक्षक ने सोमवार को बहोरीबंद थाना प्रभारी और आरक्षक को निलंबित कर दिया।

पुलिस ने बिछाया जाल

दरअसल एसपी अभिनय विश्वकर्मा ने दो दिन पहले रिश्वत की शिकायतें मिलने पर प्रशिक्षु एसडीओपी शिवा पाठक के साथ पुलिस लाइन के जवानों को भूसा की गाड़ी लेकर सादी वर्दी में भेजा। मुख्य मार्ग पर चालक आरक्षक लक्ष्मण और अन्य पुलिसकर्मियों ने उन्हें रोका और भूसा वाहन निकालने के एवज में रुपये मांगें। टीम में शामिल पुलिसकर्मियों ने पहले से चिह्नित नोट उन्हें दे दिए और वाहन लेकर निकल गए।

जेब से निकला चिह्नित नोट

रिश्वत देने के बाद एसडीओपी सहित अन्य अधिकारी थाने पहुंचे और चालक आरक्षक लक्ष्मण से पूछताछ की। चालक ने रिश्वत लेने से इन्कार किया तो अधिकारियों ने उसके जेब में रखी राशि की जांच की, जिसमें वही नोट निकले, जो भूसा वाहन निकालने के एवज में दिए थे।

एसडीओपी के प्रतिवेदन पर एसपी ने बहोरीबंद थाना प्रभारी अखिलेश दाहिया को अधीनस्थों पर नियंत्रण न रख पाने के कारण पद से हटाने के आदेश जारी किए। साथ ही चालक आरक्षक लक्ष्मण को निलंबित कर लाइन अटैच किया है।

यह भी पढ़ें- डिंडौरी में शर्मनाक लापरवाही : शौचालय में बन रहा था बच्चों का मिड-डे मील, शिक्षक व जनशिक्षक निलंबित; तीन को नोटिस

थाईलैंड घूमने वाले यातायात निरीक्षक पर भी गिरेगी गाज

बिना अनुमति थाईलैंड घूमकर आए यातायात थाना प्रभारी राहुल पांडेय पर भी कार्रवाई हो सकती है। उनके द्वारा प्रस्तुत नोटिस के जवाब को अधिकारियों ने संतोषजनक नहीं माना है।