डिंडौरी में शर्मनाक लापरवाही : शौचालय में बन रहा था बच्चों का मिड-डे मील, शिक्षक व जनशिक्षक निलंबित; तीन को नोटिस
डोमदादर गांव में आंगनबाड़ी और प्राथमिक स्कूल के बच्चों का मिड-डे मील शौचालय परिसर में बनाए जाने का मामला सामने ...और पढ़ें

टीम ने मौके पर पहुंचकर की जांच।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। डिंडौरी जिले के शहपुरा विकासखंड के ग्राम डोमदादर में बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़ का चौंकाने वाला मामला सामने आया है। यहां आंगनबाड़ी केंद्र और शासकीय प्राथमिक स्कूल के बच्चों के लिए मिड-डे मील शौचालय परिसर में तैयार किया जा रहा था। मामला उजागर होते ही प्रशासन ने सख्त कार्रवाई करते हुए दो अधिकारियों को निलंबित कर दिया है, जबकि तीन को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है।
जांच में खुला चौंकाने वाला सच
मामले की जानकारी मिलने पर 28 मार्च को जांच टीम गांव पहुंची। जांच रिपोर्ट में सामने आया कि नवंबर 2025 से ग्रामवासियों और सरपंच की सहमति से सामुदायिक स्वच्छता परिसर में ही भोजन बनाया जा रहा था।
जिम्मेदारों ने नहीं दी सूचना
आदेश में साफ कहा गया है कि भोजन बनाने के लिए उचित व्यवस्था न होने की जानकारी संबंधित शिक्षकों और जनशिक्षक द्वारा उच्च अधिकारियों को नहीं दी गई। कई महीनों से इस तरह भोजन बनना गंभीर लापरवाही को दर्शाता है।
बच्चों के स्वास्थ्य से खिलवाड़
मिड-डे मील योजना के तहत स्वच्छ और सुरक्षित स्थान पर भोजन बनाना अनिवार्य है, लेकिन यहां अस्वच्छ स्थान का चयन कर बच्चों के स्वास्थ्य को जोखिम में डाला गया। इस घटना से विभाग की छवि पर भी सवाल खड़े हो गए हैं।
यह भी पढ़ें- MP में आयुष्मान योजना से बाहर होंगे 70 निजी अस्पताल, NABH प्रमाणपत्र न होने पर बड़ी कार्रवाई
दो निलंबित, तीन को नोटिस
- कार्रवाई के तहत प्राथमिक शिक्षक माधो सिंह परस्ते और जनशिक्षक सुरेश परस्ते को तत्काल प्रभाव से निलंबित किया गया है।
- वहीं, विकासखंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) एमके राय, बीआरसी गुरु प्रसाद साहू और संकुल प्राचार्य श्याम जी गुप्ता को कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन में जवाब देने के निर्देश दिए गए हैं।
- निलंबित दोनों कर्मचारियों का मुख्यालय विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय शहपुरा निर्धारित किया गया है।
