कटनी में नगर निगम का बाबू 20 हजार रुपये रिश्वत लेते रंगेहाथ गिरफ्तार, NOC के लिए मांगी थी रकम
कटनी में लोकायुक्त ने नगर निगम के एक लिपिक को 20 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगेहाथ पकड़ा है। लिपिक ...और पढ़ें

लोकायुक्त टीम ने ननि बाबू (सफेद शर्ट में) को रिश्वत लेते दबोचा।
HighLights
कटनी में नगर निगम लिपिक रिश्वत लेते पकड़ा गया।
लोकायुक्त जबलपुर ने 20 हजार रुपये लेते रंगेहाथ दबोचा।
प्लॉट निर्माण लोन की NOC के लिए मांगी थी रिश्वत।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। प्रदेश के कटनी में लोकायुक्त ने रिश्वतखोरी के खिलाफ कार्रवाई करते हुए नगर निगम के एक लिपिक को रंगेहाथ पकड़ा है। आरोप है कि ट्रांसपोर्ट नगर में प्लॉट पर निर्माण के लिए बैंक से लोन लेने के दौरान जरूरी अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) जारी करने के बदले लिपिक ने ट्रांसपोर्टर से रिश्वत मांगी थी। शुक्रवार को लोकायुक्त जबलपुर की टीम ने 20 हजार रुपये लेते हुए उसे पकड़ लिया। फिलहाल मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।
बैंक से लोन के लिए मांगी गई थी NOC
जानकारी के मुताबिक, ट्रांसपोर्टर अशोक कनकने को ट्रांसपोर्ट नगर, पुरैनी में प्लाट नंबर 137 आवंटित है। इस प्लाट पर निर्माण कराने के लिए उन्होंने बैंक में लोन का आवेदन दिया था। बैंक ने लोन प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए नगर निगम की NOC मांगी थी।
इसी सिलसिले में ट्रांसपोर्टर नगर निगम की संपदा शाखा में पदस्थ लिपिक आलोक गर्ग के पास पहुंचे। आरोप है कि NOC जारी करने के बदले लिपिक ने उनसे 25 हजार रुपये की रिश्वत मांगी।
शिकायत सत्यापन के बाद बिछाया जाल
रिश्वत की मांग से परेशान ट्रांसपोर्टर ने लोकायुक्त जबलपुर में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक ने उसका सत्यापन कराया। इसके बाद शुक्रवार को टीम ने आरोपी लिपिक को पकड़ने के लिए कार्रवाई की योजना बनाई।
रुपये लेते ही लोकायुक्त ने पकड़ा
योजनानुसार, ट्रांसपोर्टर ने लिपिक को आवेदन के साथ 20 हजार रुपये दिए। इसी दौरान लोकायुक्त टीम ने दबिश देकर उसे रंगेहाथ पकड़ लिया। कार्रवाई के बाद आरोपित को सिविल लाइन स्थित रेस्ट हाउस ले जाया गया, जहां आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है।
लोकायुक्त की इस कार्रवाई के बाद नगर निगम में रिश्वत लेकर सरकारी काम करने के आरोपों को लेकर सवाल उठे हैं। मामले में आगे की कार्रवाई और जांच के बाद ही विस्तृत स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।
