विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कटनी में फरार निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया की बढ़ी मुश्किलें, जिला कोर्ट ने जारी किया गिरफ्तारी वारंट

Published: Fri, 18 Sep 2026 08:16 PM (IST)

कटनी जिला न्यायालय ने निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया और दो अन्य के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं। भ्रष्टाचार और ...और पढ़ें

निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट।

निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट।

HighLights

  1. गिरफ्तारी वारंट निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया और दो अन्य के खिलाफ जारी।

  2. भ्रष्टाचार, हत्या आरोपितों को बचाने और जमीन हड़पने के गंभीर आरोप।

  3. जिला न्यायालय ने 25 सितंबर तक गिरफ्तारी कर पेश करने का आदेश दिया।

डिजिटल डेस्क, कटनी। निलंबित फरार सीएसपी नेहा पच्चीसिया सहित दो अन्य आरोपितों के खिलाफ जिला न्यायालय ने गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं। मामले की जांच और गिरफ्तारी का प्रयास कर रही एसआईटी ने जिला न्यायालय में निलंबित सीएसपी सहित उनके सहयोगी क्षितिज राज और मारूफ अहमद के खिलाफ मियादी वारंट जारी करने को लेकर आवेदन दिया था।

शुक्रवार को न्यायिक मजिस्ट्रेट प्रथम श्रेणी मनीषा जैन तिवारी की अदालत ने तीनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं और  25 सितंबर तक की मियाद निर्धारित की है। निर्धारित तिथि तक न्यायालय ने पुलिस को तीनों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने के आदेश दिए हैं।

भ्रष्टाचार और हत्यारोपित को बचाने के गंभीर आरोप

निलंबित सीएसपी सहित तीनों के खिलाफ भ्रष्टाचार, हत्या के आरोपितों को बचाने साजिश करने और करोड़ों की जमीन को दवाब बनाकर महज 18 लाख रुपये में अपने नाम करा लेने का आरोप है। तीनों ने जिला न्यायालय में अग्रिम जमानत अर्जी लगाई थी, जिसे न्यायालय ने खारिज कर दिया था।

आरोपितों के खिलाफ लुकआउट नोटिस जारी करने के साथ पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा ने गिरफ्तारी पर दस हजार रुपये का इनाम भी घोषित किया है और एक माह का समय बीतने तक पुलिस तीनों को गिरफ्तार नहीं कर पाई है।

यह भी पढ़ें- ‘पति-पत्नी की तरह रहते थे...’ फरार निलंबित CSP नेहा पच्चीसिया की FIR पर हाई कोर्ट में सुनवाई, फैसला सुरक्षित

हाईकोर्ट में भी चल रही सुनवाई

इधर निलंबित सीएसपी नेहा पच्चीसिया से संबंधित मामला हाईकोर्ट की जबलपुर पीठ में भी विचाराधीन है। उनकी ओर से दायर याचिका पर सुनवाई करते हुए एकलपीठ ने राज्य सरकार से जवाब मांगा है। न्यायमूर्ति हिमांशु जोशी की एकलपीठ ने अगली सुनवाई से पहले जवाब प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

मामले में 21 सितंबर को अगली सुनवाई प्रस्तावित है, जिसमें याचिकाकर्ता की ओर से मांगी गई अंतरिम राहत पर विचार किया जाना है। मामले को लेकर पुलिस अधीक्षक अभिनय विश्वकर्मा का कहना है कि कुठला थाना क्षेत्र में दर्ज अपराध के मामले में जिला न्यायालय ने तीनों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी किए हैं।