जबलपुर में ढाबे के बाहर आग ताप रहे लोगों को ट्रक ने रौंदा, 3 की मौत; संचालक समेत 2 घायल
जबलपुर में नेशनल हाईवे-45 पर एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की मौत हो गई और दो गंभीर रूप ...और पढ़ें

ढाबे में घुसा ट्रक। (एआई से निर्मित तस्वीर)
HighLights
जबलपुर में नेशनल हाईवे-45 पर भीषण ट्रक हादसा हुआ।
राज फैमिली ढाबे के बाहर आग ताप रहे लोग कुचले गए।
तीन लोगों की मौत, ढाबा संचालक समेत दो गंभीर घायल।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। जबलपुर में नेशनल हाईवे-45 पर बुधवार-गुरुवार की रात हुए एक भीषण सड़क हादसे में तीन लोगों की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। शहपुरा से जबलपुर की ओर आ रहा मक्का से लदा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित होकर खैरी बंधा क्षेत्र में राज फैमिली ढाबे में जा घुसा। ट्रक ने ढाबे के बाहर खड़े वाहनों को टक्कर मारने के बाद आग ताप रहे लोगों को कुचल दिया।
घटना भेड़ाघाट थाना क्षेत्र में बुधवार-गुरुवार की दरमियानी रात करीब 2 बजे हुई। रात में ठंड से बचने के लिए ढाबे के बाहर कुछ लोग अलाव ताप रहे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ट्रक अचानक सड़क से उतरकर ढाबे की ओर बढ़ा और वहां खड़े बोलेरो वाहन, कार व पिकअप को टक्कर मारते हुए लोगों को अपनी चपेट में ले लिया। टक्कर इतनी भीषण थी कि मौके पर चीख-पुकार मच गई।
तीन लोगों की मौके पर मौत, ढाबा संचालक गंभीर
हादसे में ढाबा कर्मचारी धर्मेंद्र (35), शराब दुकान कर्मचारी बलराम (37) और मोनू (32) की मौके पर ही मौत हो गई। बलराम और मोनू भिंड-मुरैना क्षेत्र के निवासी बताए गए हैं, जबकि धर्मेंद्र खैरी का रहने वाला था।
ढाबा संचालक राजा साहू और उनका एक कर्मचारी गंभीर रूप से घायल हुए हैं। दोनों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत नाजुक बताई जा रही है।
यह भी पढ़ें- होटल में ठहरे प्रेमी जोड़े को गांजा रखकर फंसाने की धमकी; सिवनी के ASP-SDOP समेत 7 पुलिसकर्मी निलंबित
पलट गया ट्रक, चालक फरार
मक्का से भरे ट्रक ने ढाबे के बाहर खड़े तीन वाहनों को बुरी तरह क्षतिग्रस्त कर दिया। हादसे के बाद ट्रक सड़क किनारे पलट गया। ट्रक पर MP 20 SB 1200 नंबर दर्ज बताया गया है।
सूचना मिलते ही भेड़ाघाट पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों को अस्पताल पहुंचाने के साथ शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजा। पुलिस के मुताबिक, ट्रक चालक हादसे के बाद फरार हो गया है। उसके खिलाफ मामला दर्ज कर तलाश की जा रही है। मामले में एक संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score , IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।