ट्रेन की टक्कर से पुल से नीचे गिरी गाय, दबने से युवक घायल, एक गाय की मौत; जबलपुर में ग्वारीघाट रेल लाइन पर हादसा
जबलपुर के ग्वारीघाट रेलवे स्टेशन के पास देर रात ट्रेन की चपेट में आने से तीन गायें पुल से नीचे ...और पढ़ें

जबलपुर में दर्दनाक हादसा (प्रतीकात्मक चित्र)
HighLights
जबलपुर में ट्रेन की चपेट में आईं तीन गायें।
पुल से गिरी गाय से युवक गंभीर रूप से घायल।
एक गाय की मौत, दूसरी घायल, पुलिस जांच में जुटी।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। जबलपुर के गौरीघाट रेलवे स्टेशन के पास रविवार देर रात एक दर्दनाक हादसा हो गया। जबलपुर से नागपुर की ओर जा रही ट्रेन की चपेट में आने से रेलवे ट्रैक पर घूम रहीं कुछ गायें उछलकर पुल से नीचे जा गिरीं। इसी दौरान नीचे खड़े एक युवक पर एक गाय आ गिरी, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में एक गाय की मौत हो गई, जबकि दूसरी घायल बताई जा रही है।
तीन गायें आईं चपेट में
जानकारी के मुताबिक देर रात ट्रेन जैसे ही गौरीघाट रेलवे स्टेशन के पहले स्थित पुल के पास पहुंची, ट्रैक पर खड़ी तीन गायें उसकी चपेट में आ गईं। टक्कर इतनी जोरदार थी कि एक गाय पुल से नीचे सड़क पर जा गिरी। दुर्भाग्य से उसी समय नीचे एक युवक मौजूद था और गाय सीधे उसके ऊपर आ गिरी।
मची अफरा-तफरी
घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। राहगीरों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। थोड़ी देर में डायल 112 और फिर डायल 108 एंबुलेंस मौके पर पहुंची। गंभीर रूप से घायल युवक को मेडिकल कॉलेज अस्पताल भिजवाया गया। बताया जा रहा है कि युवक की हालत बेहद नाजुक है और वह फिलहाल कुछ भी बोल पाने की स्थिति में नहीं है, जिसके चलते उसकी पहचान नहीं हो सकी है।
यह भी पढ़ें- बांधवगढ़ टाइगर रिजर्व में मिला बाघ का शव, आपसी संघर्ष में मौत की आशंका
सूचना मिलने पर ग्वारीघाट थाना पुलिस और नगर निगम की टीम भी मौके पर पहुंची। घायल गाय को उपचार के लिए वेटरनरी कॉलेज भेजा गया, जबकि मृत गाय को तिलवारा घाट के पास ले जाया गया। पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी है।
