विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जबलपुर में बीमा राशि के लिए गर्भवती पत्नी की हत्या, पिकअप से कुचलकर दिया हादसे का रूप; प्रेम विवाह का खौफनाक अंत

Published: Fri, 02 Oct 2026 11:34 PM (IST)

जबलपुर में प्रेम विवाह के बाद पति ने बीमा राशि के लिए दो माह की गर्भवती पत्नी कविता चौधरी की ...और पढ़ें

तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस।

तीन आरोपितों को गिरफ्तार कर ले जाती पुलिस।

HighLights

  1. पति ने बीमा राशि के लिए गर्भवती पत्नी की हत्या की साजिश रची।

  2. पिकअप वाहन से कुचलकर सड़क हादसे का रूप देने का प्रयास किया।

  3. तीन आरोपित गिरफ्तार, मुख्य साजिशकर्ता पति और साथी फरार।

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। प्रेम विवाह के बाद साथ जीने-मरने का वादा करने वाले पति पर ही पत्नी की हत्या की साजिश रचने का आरोप लगा है। पाटन के नुनसर पुलिस चौकी क्षेत्र में दो माह की गर्भवती कविता चौधरी की पिकअप वाहन से कुचलकर हत्या के मामले में पुलिस ने तीन आरोपितों को गिरफ्तार किया है। पुलिस जांच में सामने आया कि हत्या के पीछे पत्नी की बीमा राशि हासिल करने की साजिश थी। वारदात को सड़क हादसे का रूप देने की कोशिश की गई थी।

पुलिस ने पाटन के चौधरी मोहल्ला निवासी रामजी चौधरी, विक्रम चौधरी और धनीराम चौधरी को गिरफ्तार कर शुक्रवार को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया। वहीं, हत्या की साजिश रचने वाला कविता का पति प्रयास पांडे और उसका साथी मानसिंह लोधी अभी फरार हैं।

2024 में किया था प्रेम विवाह

पुलिस के मुताबिक, पाटन निवासी प्रयास पांडे स्टांप वेंडर है। वर्ष 2022 में उसकी पहचान मूल रूप से नरसिंहपुर निवासी कविता चौधरी (24) से हुई थी। दोनों की दोस्ती बाद में प्रेम संबंध में बदल गई और वर्ष 2024 में दोनों ने प्रेम विवाह कर लिया। शादी के बाद दंपती आमहिनौता में किराए के मकान में रह रहे थे। कविता बीमा एजेंट के रूप में काम करती थी।

दोस्त संग रची हत्या की साजिश

जांच में पुलिस को पता चला कि प्रयास ने अपने दोस्त मानसिंह लोधी को पत्नी की बीमा राशि के बारे में बताया था। इसके बाद दोनों ने कविता की हत्या की साजिश रची। मानसिंह के जरिए पाटन के चौधरी मोहल्ले में रहने वाले रामजी चौधरी, विक्रम चौधरी और धनीराम चौधरी से संपर्क किया गया।

पुलिस के अनुसार, पत्नी की हत्या के लिए आरोपितों को एक लाख रुपये अग्रिम दिए गए थे। वारदात को सड़क दुर्घटना का रूप देने के लिए मालवाहक पिकअप वाहन एक साल के लिए किराए पर लिया गया।

मोपेड में मारी टक्कर, फिर ऊपर चढ़ा दी पिकअप

चार सितंबर की रात कविता किसी काम से घर से निकली थी। वह मोपेड से जबलपुर रोड की ओर जा रही थी। कंतोरा गांव के पास रानीताल पुलिया क्षेत्र में आरोपितों ने उसकी मोपेड को पिकअप से टक्कर मार दी। टक्कर लगने से कविता सड़क पर गिर गई।

पुलिस जांच में सामने आया कि इसके बाद आरोपितों ने पिकअप उसके ऊपर चढ़ा दी। गंभीर चोटों के कारण कविता की मौके पर ही मौत हो गई। रात करीब साढ़े नौ बजे पुलिस को तेज रफ्तार वाहन की टक्कर से महिला की मौत की सूचना मिली थी।

यह भी पढ़ें- जबलपुर में किशोरी की आत्महत्या के केस में 10 दिन जेल में रहा शिक्षक; विभाग को भनक तक नहीं, मेडिकल लीव से छिपाई गैरहाजिरी

पुलिस को गुमराह करने की कोशिश

घटना की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची। शुरुआती परिस्थितियां सड़क दुर्घटना जैसी नजर आ रही थीं। कुछ ही देर बाद कविता का पति प्रयास भी घटनास्थल पर पहुंच गया। उसने पत्नी की पहचान की और पुलिस के सामने इस तरह व्यवहार किया, जिससे शुरुआती तौर पर मामला हादसा ही प्रतीत हुआ।

पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की, लेकिन घटनास्थल की परिस्थितियों, घटनाक्रम और जांच के दौरान सामने आए तथ्यों ने मामले को नया मोड़ दे दिया। पुलिस को कविता की मौत के पीछे साजिश की आशंका हुई। इसके बाद संदिग्धों से पूछताछ और अन्य साक्ष्यों के आधार पर कथित सुपारी किलरों तक पुलिस पहुंची।

तीनों आरोपितों की गिरफ्तारी के बाद पुलिस के अनुसार पत्नी की हत्या की साजिश में पति प्रयास पांडे और उसके साथी मानसिंह लोधी की भूमिका भी सामने आई है। दोनों की तलाश जारी है।