विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

ओडिशा की जेल में रची इनामी गांजा तस्कर की फरारी की साजिश, कथित पत्नी ने की रेकी; सीधी के छुहिया घाट में पुलिस से छुड़ा ले गए बदमाश

Published: Wed, 30 Sep 2026 04:31 PM (IST)

ओडिशा पुलिस की अभिरक्षा से 50 हजार के इनामी गांजा तस्कर आदित्य मिश्रा सीधी की छुहिया घाटी से फरार हो ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. 50 हजार का इनामी तस्कर आदित्य मिश्रा पुलिस अभिरक्षा से फरार।

  2. फरारी की योजना ओडिशा जेल में ही बनी, कथित पत्नी शामिल।

  3. छुहिया घाटी में पुलिस वाहन पर हमला कर बदमाश छुड़ा ले गए।

डिजिटल डेस्क, रीवा। ओडिशा पुलिस की अभिरक्षा से 50 हजार रुपये के इनामी गांजा तस्कर आदित्य मिश्रा के फरार होने के मामले में पुलिस जांच में साजिश के संकेत मिले हैं। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, फरारी की तैयारी अचानक नहीं हुई थी, बल्कि इसकी योजना कथित तौर पर ओडिशा की जेल में रहते हुए बनाई गई थी। जांच में आदित्य की कथित पत्नी और रीवा-सतना में सक्रिय उसके संपर्कों की भूमिका भी सामने आने की बात कही जा रही है।

आदित्य जून से ओडिशा की जेल में बंद था। उसे रीवा के बिछिया थाना क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया था। पुलिस सूत्रों के अनुसार, जेल में रहने के दौरान वह अपनी कथित पत्नी और गैंग के सदस्यों के संपर्क में था।

प्रोडक्शन वारंट से रीवा लाने का प्लान?

जांच में सामने आया है कि आदित्य ने रीवा में दर्ज पुराने एनडीपीएस मामले में प्रोडक्शन वारंट के जरिए खुद को रीवा लाए जाने की व्यवस्था कराई। पुलिस को आशंका है कि उसे पता था कि ओडिशा जेल की सुरक्षा से निकलना मुश्किल है, इसलिए रास्ते में भागने की योजना बनाई गई।

रीवा लाए जाने के दौरान छुहिया घाटी को कथित तौर पर फरारी के लिए चुना गया। पुलिस सूत्रों के मुताबिक, आदित्य की कथित पत्नी ने इस इलाके की रेकी की थी। घाटी का सुनसान इलाका और मोबाइल नेटवर्क की सीमित उपलब्धता इसे वारदात के लिए अनुकूल मानने की बात सामने आई है।

चार वाहनों में पहुंचे बदमाश, पुलिस वाहन को घेरा

मंगलवार को करीब 11:20 बजे से दोपहर 12 बजे के बीच ओडिशा पुलिस की आठ जवानों की टीम आदित्य को लेकर सीधी जिले में स्थित छुहिया घाटी से गुजर रही थी। इसी दौरान चार वाहनों में सवार करीब एक दर्जन लोगों ने पुलिस वाहन को कथित तौर पर आगे-पीछे से घेर लिया।

पुलिस के मुताबिक, हमलावरों ने जवानों पर मिर्ची पाउडर और पेपर स्प्रे का इस्तेमाल किया। इसके बाद बेसबॉल बैट से वाहन के शीशे तोड़े गए और टायर पर फायरिंग की गई। आरोप है कि हमलावरों ने स्प्रे का इस्तेमाल कर आदित्य को पुलिस अभिरक्षा से छुड़ाया और मैहर की ओर भाग गए।

घटना में एक पुलिसकर्मी की आंख में गंभीर परेशानी होने की जानकारी सामने आई है। हालांकि, पूरे घटनाक्रम की परिस्थितियों और हमलावरों की भूमिका की पुलिस जांच कर रही है।

10 टन गांजा मामले में था वांछित

पुलिस रिकॉर्ड के अनुसार 29 वर्षीय आदित्य मिश्रा, पिता रामबहोर मिश्रा, मऊगंज जिले के शाहपुर थाना क्षेत्र के खंटखरी गांव का निवासी है। उसके खिलाफ रीवा के मनगवां, समान और नईगढ़ी समेत कई थानों में एनडीपीएस एक्ट के प्रकरण दर्ज बताए गए हैं।

ओडिशा में करीब 10 टन गांजा जब्ती के मामले में भी वह वांछित था। इसी मामले में उस पर 50 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।

यह भी पढ़ें- जबलपुर में किशोरी की आत्महत्या के केस में 10 दिन जेल में रहा शिक्षक; विभाग को भनक तक नहीं, मेडिकल लीव से छिपाई गैरहाजिरी

कथित पत्नी हिरासत में, पूछताछ जारी

घटना की सूचना मिलते ही सीधी एसपी संतोष कोरी मौके पर पहुंचे। इसके बाद सीधी, रीवा और शहडोल संभाग में नाकाबंदी कराई गई। पुलिस सूत्रों के अनुसार, आदित्य की कथित पत्नी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।

जांच एजेंसियों ने तीन संदिग्ध वाहनों की पहचान किए जाने की बात कही है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज भी खंगाल रही है। पूछताछ और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर फरारी में शामिल अन्य लोगों तक पहुंचने का प्रयास किया जा रहा है।

पुलिस के सामने कई बड़े सवाल

आठ हथियारबंद जवानों की मौजूदगी के बावजूद इनामी तस्कर को छुड़ाने की घटना ने सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं। पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि हमलावरों को पुलिस वाहन के रूट और समय की जानकारी कैसे मिली। साथ ही, क्या इस पूरे घटनाक्रम में किसी अंदरूनी सूचना की भूमिका थी, इसकी भी जांच की जा रही है।

फिलहाल पुलिस की जांच फरारी की पूरी साजिश, इसमें शामिल लोगों और आदित्य मिश्रा के संभावित ठिकानों पर केंद्रित है।