डिंडौरी में राम मंदिर के सामने दो मुस्लिम पक्षों के बीच खूनी संघर्ष, कई घायल; एक गंभीर युवक जबलपुर रेफर
डिंडौरी में श्रीराम मंदिर के सामने पुरानी रंजिश को लेकर दो मुस्लिम पक्षों में हिंसक झड़प हुई, जिसमें कई लोग ...और पढ़ें

दो पक्षों के बीच मारपीट (प्रतीकात्मक चित्र)
HighLights
डिंडौरी में दो मुस्लिम पक्षों के बीच हिंसक झड़प।
पुरानी रंजिश के कारण श्रीराम मंदिर के सामने विवाद।
एक गंभीर घायल जबलपुर रेफर, दोनों पक्षों पर केस।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। डिंडौरी जिला मुख्यालय के डीडी मार्केट स्थित श्रीराम मंदिर के सामने शनिवार रात पुरानी रंजिश को लेकर मुस्लिम समुदाय के दो पक्षों के बीच विवाद हिंसक झड़प में बदल गया। देर रात करीब 10 बजे हुई मारपीट में कई लोग घायल हुए, जिनमें एक युवक की हालत गंभीर होने पर उसे जबलपुर रेफर किया गया। घटना के बाद दोनों पक्षों ने एक-दूसरे पर मारपीट, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने के आरोप लगाते हुए डिंडौरी थाने में अलग-अलग एफआईआर दर्ज कराई है।
पहले पक्ष ने लगाए मारपीट के आरोप
वार्ड क्रमांक-2 सुबखार निवासी 26 वर्षीय शोहिल खान ने पुलिस को बताया कि शनिवार रात उसके दोस्त साकेत का फोन आया, जिसने बताया कि उसके चाचा मोहम्मद जफर का श्रीराम मंदिर के सामने विवाद चल रहा है। सूचना मिलने पर वह अपने पिता जावेद इकबाल के साथ मौके पर पहुंचा।
शिकायत के अनुसार, असर अली उर्फ पिंटू, सालू खान और अजहर उर्फ बाबा मोहम्मद जफर के साथ मारपीट कर रहे थे। बीच-बचाव करने पर शोहिल के साथ भी हाथापाई की गई। इस घटना में मोहम्मद जफर को सीने, गर्दन और पैर में चोटें आईं, जबकि शोहिल को भी सीने में चोट लगी। शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आरोपितों ने दोबारा मिलने पर जान से मारने की धमकी भी दी।
दूसरे पक्ष ने भी दर्ज कराई शिकायत
दूसरे पक्ष से वार्ड क्रमांक-4 निवासी 63 वर्षीय हाजी अजहर मोहम्मद ने रिपोर्ट दर्ज कराई है। उनका आरोप है कि उनका भाई सजर मोहम्मद स्कूटी से घर लौट रहा था, तभी जफर इकबाल ने उसका रास्ता रोककर मारपीट शुरू कर दी। इसके बाद सोहेल यासिनी, सोहेब यासिनी और जावेद इकबाल भी विवाद में शामिल हो गए।
शिकायत के अनुसार, बीच-बचाव करने पहुंचीं शबनम परवीन और नाजिया परवीन के साथ भी मारपीट की गई। घटना में सजर मोहम्मद को गंभीर चोटें आईं, जिसके बाद उसे पहले डिंडौरी अस्पताल और फिर बेहतर इलाज के लिए जबलपुर रेफर किया गया। दोनों महिलाओं को भी चोटें आने की बात शिकायत में कही गई है।
यह भी पढ़ें- जबलपुर: नेक अली ने अंकित बन की युवती से दोस्ती, दुष्कर्म किया फिर मुंबई में जबरन मतांतरण कराकर बेच दिया
दोनों पक्षों पर केस, जांच जारी
डिंडौरी थाना पुलिस ने दोनों पक्षों की शिकायतों के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की विभिन्न धाराओं में अलग-अलग प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में मामला पुरानी रंजिश से जुड़ा प्रतीत हो रहा है। घायलों का मेडिकल परीक्षण कराया गया है और सभी संबंधित लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। जांच पूरी होने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।
