मैहर में क्रिकेट पिच पर पं. धीरेंद्र शास्त्री का निराला अंदाज: पहली गेंद पर जड़ा छक्का; SP ने भी लगाए चौके-छक्के
मैहर में बागेश्वर धाम के पं. धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री ने धार्मिक आयोजनों के बीच पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के ...और पढ़ें

हाथ में बल्ला थामे पं. धीरेंद्र शास्त्री।
HighLights
पं. धीरेंद्र शास्त्री ने मैहर में पुलिस अधीक्षक संग क्रिकेट खेला।
पहली गेंद पर छक्का जड़ा, एसपी ने भी चौके-छक्के लगाए।
नवनिर्मित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री स्पोर्ट्स एरीना का उद्घाटन किया।
डिजिटल डेस्क, मैहर। बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री का मैहर प्रवास धार्मिक आयोजनों के साथ एक दिलचस्प नजारे का भी गवाह बना। केजेएस सीमेंट परिसर में पं. धीरेंद्र शास्त्री क्रिकेट के मैदान पर उतरे और मैहर के पुलिस अधीक्षक अवधेश प्रताप सिंह के साथ बल्ले और गेंद पर हाथ आजमाए। उन्होंने पहली ही गेंद पर छक्का जड़कर सबका ध्यान खींचा, वहीं एसपी भी उनकी गेंदों पर चौके-छक्के लगाते नजर आए। मैदान पर दोनों का यह अंदाज परिसर में चर्चा का विषय बन गया।
क्रिकेट खेलने से पहले एसपी ने लिया आशीर्वाद
केजेएस परिसर में पहुंचे पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के साथ एसपी अवधेश प्रताप सिंह भी मैदान पर मौजूद रहे। खेल शुरू होने से पहले एसपी ने शास्त्री का आशीर्वाद लिया। इसके बाद दोनों ने बल्लेबाजी और गेंदबाजी में हाथ आजमाए। धार्मिक कार्यक्रमों के बीच क्रिकेट का यह रंग लोगों के लिए खास आकर्षण रहा।
केजेएस परिसर में भव्य स्वागत, स्पोर्ट्स एरीना का उद्घाटन
मैहर पहुंचने पर बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर का केजेएस सीमेंट परिसर में भव्य स्वागत किया गया। कंपनी के चेयरमैन पवन आहलुवालिया ने उनकी अगवानी की। इस दौरान उन्हें गार्ड ऑफ ऑनर देकर सम्मानित भी किया गया।
अपने प्रवास के दौरान शास्त्री ने देर रात केजेएस आवासीय परिसर में नवनिर्मित पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री स्पोर्ट्स एरीना का उद्घाटन किया। इसके बाद उनका क्रिकेट खेलना कार्यक्रम का एक यादगार हिस्सा बन गया।
मां शारदा के दरबार में टेका माथा
मैहर प्रवास के दौरान पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री मां शारदा मंदिर पहुंचे। उन्होंने विधि-विधान से पूजा-अर्चना कर देश और प्रदेश की खुशहाली की कामना की। इस दौरान उन्होंने मंदिर की धार्मिक महत्ता और वहां की व्यवस्थाओं की सराहना की।
मंदिर में प्रधान पुजारी पवन महाराज और सांसद गणेश सिंह की मौजूदगी में शास्त्री ने गुफा में नारियल के खोल से बने कुल्हड़ में चाय का आनंद भी लिया। धार्मिक आस्था, सामाजिक संदेश और क्रिकेट के अनूठे मेल ने उनके मैहर प्रवास को चर्चा में ला दिया।
