विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

दमोह में सगाई समारोह के बीच होटल की रसोई में भड़की आग, कैटरिंग कर्मचारी की मौत; दो गंभीर

Published: Sat, 19 Sep 2026 04:58 PM (IST)

दमोह में सगाई समारोह के दौरान होटल रॉयल दमयंती पैलेस में गैस पाइपलाइन फटने से आग लग गई। इस हादसे ...और पढ़ें

होटल की रसोई में लगी आग, मची अफरा-तफरी।

होटल की रसोई में लगी आग, मची अफरा-तफरी।

HighLights

  1. दमोह के होटल राॅयल दमयंती पैलेस में हुआ हादसा।

  2. रायपुर से आई थी आठ सदस्यीय कैटरिंग टीम।

  3. आग से बचने कमरे में घुसा कर्मचारी, दम घुटने से मौत।

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। मध्य प्रदेश के दमोह में शनिवार दोपहर सगाई समारोह के दौरान बड़ा हादसा हो गया। जबलपुर नाका चौकी क्षेत्र स्थित होटल रॉयल दमयंती पैलेस में खाना बनाने के दौरान गैस पाइपलाइन फटने से अचानक आग भड़क उठी। आग की चपेट में आने से कैटरिंग टीम के तीन कर्मचारी गंभीर रूप से झुलस गए। इनमें एक की मौत हो गई, जबकि दो घायलों का जिला अस्पताल में उपचार चल रहा है।

खाना बनाते समय अचानक फटी गैस पाइपलाइन

देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय के अनुसार, होटल में अग्रवाल परिवार का सगाई समारोह आयोजित किया जा रहा था। कार्यक्रम के लिए रायपुर के भाटापारा से कैटरिंग टीम बुलाई गई थी। शनिवार दोपहर खाना तैयार करने के दौरान अचानक गैस पाइपलाइन फट गई और देखते ही देखते रसोई में आग फैल गई।

हादसे के बाद होटल में अफरा-तफरी मच गई। होटल स्टाफ और पुलिस की मदद से झुलसे कर्मचारियों को तत्काल जिला अस्पताल पहुंचाया गया। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन के अधिकारी भी मौके पर पहुंच गए।

आग से बचने कमरे में घुसा, नहीं निकल पाया

हादसे में कैटरिंग टीम के गौरव निवासी सदर बाजार, भाटापारा (रायपुर) की मौत हो गई। बताया जा रहा है कि आग भड़कने के बाद गौरव जान बचाने के लिए रसोई के पास बने करीब चार बाई चार फीट के छोटे कमरे में घुस गया। उसे उम्मीद थी कि वहां से बाहर निकलने का कोई रास्ता होगा, लेकिन कमरे में दूसरा रास्ता नहीं था।

कमरे का प्लाई का दरवाजा भी आग की चपेट में आ गया। इसके चलते गौरव अंदर ही फंस गया और दम घुटने से उसकी मौत हो गई।

साथी को बचाने के प्रयास में अजय भी झुलसा

गौरव को बचाने के प्रयास में कैटरिंग टीम का अजय पुत्र सुभाष शर्मा, निवासी पुराना बस्ती, रायपुर भी गंभीर रूप से झुलस गया। उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है और जिला अस्पताल में उपचार जारी है। हादसे में एक अन्य कैटरिंग कर्मचारी भी झुलसा है।

यह भी पढ़ें- दमोह में दिल दहलाने वाली वारदात: पति ने सो रही पत्नी और तीन मासूम बच्चों को कुल्हाड़ी से काटा; आरोपित गिरफ्तार

भाटापारा से आई थी आठ सदस्यीय टीम

बताया गया है कि सेफ बैंकट कैटरिंग सर्विसेज, भाटापारा (रायपुर) की आठ सदस्यीय टीम सगाई समारोह के लिए दमोह आई थी। टीम में कैटरिंग संचालक वेंकट पाडिग्रही के अलावा कौशल्या ब्राह्मण, विजय, सूरज, प्रेम, विशाल सहित अन्य कर्मचारी शामिल थे।

मौके पर पहुंचे पुलिस-प्रशासन के अधिकारी

हादसे की जानकारी मिलते ही नगर पुलिस अधीक्षक एचआर पांडे, देहात थाना प्रभारी धर्मेंद्र उपाध्याय, जबलपुर नाका चौकी प्रभारी प्रियंका पटेल, एसडीएम सौरभ गंधर्व, तहसीलदार रॉबिन जैन समेत पुलिस और प्रशासन के अन्य अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटना की जांच शुरू कर दी है। गैस पाइपलाइन फटने के कारणों और होटल में सुरक्षा इंतजामों की भी जांच की जा रही है।