विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

कूलर का प्लग लगाते समय करंट की चपेट में आया 10 साल का बेटा, बचाने दौड़ी मां की भी मौत... चित्रकूट में दर्दनाक हादसा

Published: Fri, 09 Oct 2026 07:13 PM (IST)

सतना के चित्रकूट में कूलर का प्लग लगाते समय 10 वर्षीय बेटे को करंट लगा, जिसे बचाने दौड़ी मां भी ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. 10 वर्षीय बेटे को कूलर का प्लग लगाते समय लगा करंट।

  2. बेटे को बचाने दौड़ी मां भी बिजली की चपेट में आईं।

  3. मां-बेटे दोनों की अस्पताल पहुंचने से पहले हुई मौत।

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। प्रदेश के सतना जिले में स्थित चित्रकूट में बिजली के करंट ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन लीं। रजौला गांव में घर पर कूलर चलाने के लिए बिजली के बोर्ड में प्लग लगा रहा 10 वर्षीय बालक करंट की चपेट में आ गया। बेटे को तड़पता देख उसे बचाने दौड़ी मां भी करंट की चपेट में आ गई। हादसे में गंभीर रूप से झुलसे मां-बेटे को परिजन तत्काल अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन डॉक्टरों ने दोनों को मृत घोषित कर दिया। एक ही परिवार में दो मौतों से गांव में शोक छा गया है।

कूलर का प्लग लगाते समय हादसा

चित्रकूट थाना पुलिस के अनुसार, घटना रजौला गांव में भगनपुर मोड़ के पास हुई। यहां रहने वाला 10 वर्षीय सुशील पाल गुरुवार सुबह करीब 11 बजे घर में कूलर चलाने के लिए बिजली के बोर्ड में प्लग लगा रहा था। इसी दौरान वह करंट की चपेट में आ गया।

बेटे को करंट से जूझता देख उसकी 35 वर्षीय मां अनीता उसे बचाने के लिए दौड़ीं। उन्होंने बेटे को छुड़ाने का प्रयास किया, लेकिन इस दौरान वह भी बिजली के करंट की चपेट में आ गईं।

अस्पताल पहुंचने से पहले ही बिगड़ी हालत

करंट लगने से मां-बेटा दोनों मौके पर ही बेहोश होकर गिर पड़े। परिजन बिना देर किए उन्हें जानकीकुंड अस्पताल लेकर पहुंचे। हालांकि, चिकित्सकों ने जांच के बाद दोनों को मृत घोषित कर दिया।

यह भी पढ़ें- मंडला में घर के बाहर सो रही महिला पर बाघ ने किया हमला, सिर पकड़कर खींचा; बेटे की बहादुरी से बची जिंदगी

पुलिस ने घटनास्थल का किया निरीक्षण

हादसे की सूचना मिलने पर चित्रकूट थाना प्रभारी नीलेश तिवारी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पोस्टमार्टम के बाद मां-बेटे के शव परिजनों को सौंप दिए गए हैं। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है और गांव में शोक का माहौल है।