बालाघाट में दर्दनाक हादसा: कुएं में गिरी पत्नी को बचाने कूदा पति, दोनों की मौत; गांव में पसरा मातम
बालाघाट जिले में कुएं में गिरी पत्नी को बचाने के प्रयास में पति ने भी अपनी जान गंवा दी। दोनों ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
बैहर थाना क्षेत्र के सीताडोंगरी गांव में हुई घटना।
बाल्टी से पानी निकालते समय कुएं में गिरी महिला।
पत्नी को बचाने के प्रयास में पति ने भी गंवाई जान।
डिजिटल डेस्क, बालाघाट। मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले में पत्नी को बचाने की कोशिश में पति की भी जान चली गई। बैहर थाना क्षेत्र के सीताडोंगरी गांव में रविवार दोपहर पानी निकालते समय एक महिला कुएं में गिर गई। उसे बचाने के लिए पति ने भी कुएं में छलांग लगा दी, लेकिन दोनों बाहर नहीं निकल सके। सूचना मिलने पर पहुंची पुलिस ने ग्रामीणों की मदद से दोनों के शव कुएं से बरामद किए। घटना के बाद परिवार में मातम पसरा है।
बाल्टी से पानी निकाल रही थी महिला
जानकारी के अनुसार, सीताडोंगरी निवासी अंजोर सिंह उइके (52) के घर के आंगन में पत्थर से बना कुआं है। कुएं में लगी पानी की मोटर पिछले तीन-चार दिनों से खराब थी। रविवार दोपहर करीब दो बजे उनकी पत्नी शांति बाई उइके (48) बाल्टी की मदद से पानी निकाल रही थीं। इसी दौरान वह अचानक कुएं में गिर गईं।
पत्नी को कुएं में गिरता देख अंजोर सिंह ने उन्हें बचाने के लिए तुरंत कुएं में छलांग लगा दी। हालांकि, वह भी बाहर नहीं निकल सके और दोनों की डूबने से मौत हो गई।
सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस
घटना की जानकारी मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी। इसके बाद बैहर थाना पुलिस ने मौके पर पहुंचकर दोनों के शव कुएं से बरामद किए।
थाना प्रभारी दीपिका सिंगौर ने बताया कि सूचना मिलने पर पुलिस बल ने कार्रवाई करते हुए दोनों शव कुएं से बाहर निकाले। देर शाम होने के कारण शवों का पोस्टमार्टम सोमवार को कराया जाएगा।
यह भी पढ़ें- MP में भाजपा विधायक विश्नोई का अपनी ही सरकार पर तंज, बोले- काश, छोटे जनप्रतिनिधियों को भी कोई बता देता
परिवार पर टूटा दुखों का पहाड़
अंजोर सिंह और शांति बाई के पांच बेटे हैं। परिवार के सभी सदस्य साथ रहते हैं। दंपती की एक साथ मौत की घटना से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। गांव में भी शोक का माहौल है। जिस आंगन में परिवार की रोजमर्रा की जिंदगी चलती थी, वहीं हुए इस हादसे ने पूरे परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है।
