बालाघाट सांसद भारती पारधी की कार से बाइक की भिड़ंत, पंजाब के दो मजदूर गंभीर घायल; तुमसर-रामटेक हाईवे पर हुआ हादसा
महाराष्ट्र के तुमसर-रामटेक नेशनल हाईवे पर बालाघाट-सिवनी सांसद भारती पारधी की कार और बाइक के बीच भिड़ंत हो गई। इस ...और पढ़ें

टक्कर से बाइक क्षतिग्रस्त, सांसद के वाहन को लोगों ने घेरा।
HighLights
सांसद भारती पारधी की कार और बाइक में भिड़ंत हुई।
हादसे में पंजाब के दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हुए।
घायलों को भंडारा (महा.) के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
डिजिटल डेस्क, बालाघाट। महाराष्ट्र के तुमसर-रामटेक नेशनल हाईवे पर गुरुवार सुबह बालाघाट-सिवनी सांसद भारती पारधी की कार और बाइक के बीच जोरदार भिड़ंत हो गई। हादसे में बाइक सवार पंजाब के दो मजदूर गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर की वजह से बाइक क्षतिग्रस्त हो गई। वहीं सांसद के वाहन को भी नुकसान पहुंचा है। घायलों को महाराष्ट्र के भंडारा जिले के अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
जानकारी के अनुसार, घायल मजदूर सुरजीत सिंह और तसमीरा मेहरा पंजाब के रहने वाले हैं। वे धान की कटाई के लिए भंडारा जिले के तुमसर क्षेत्र में हार्वेस्टर चलाने आए थे। गुरुवार सुबह उनके साथी हार्वेस्टर लेकर आगे चल रहे थे, जबकि दोनों मजदूर बाइक से उनके साथ जा रहे थे। इसी दौरान तुमसर-रामटेक मार्ग पर सांसद की कार की बाइक से टक्कर हो गई।
नागपुर एयरपोर्ट जा रही थीं सांसद
सांसद भारती पारधी ने बताया कि दुर्घटना गुरुवार सुबह उस समय हुई, जब वह दिल्ली जाने के लिए नागपुर एयरपोर्ट जा रही थीं। उनके मुताबिक, कार चालक ने बाइक सवारों को देखकर दूर से ही हॉर्न बजाना शुरू कर दिया था, लेकिन बाइक की रफ्तार अधिक होने के कारण टक्कर हो गई। सांसद ने बताया कि उनकी गाड़ी की गति लगभग 60 से 70 किलोमीटर प्रति घंटा रही होगी।
हादसे के बाद मौके पर जुटे लोग
दुर्घटना के बाद मौके पर स्थानीय लोगों की भीड़ जमा हो गई। कुछ लोगों ने सांसद को घेर लिया था। इस पर सांसद ने बताया कि वहां मौजूद कुछ लोग उनके परिचित थे, जिन्होंने स्थिति को संभालने और घायलों को तत्काल अस्पताल पहुंचाने में मदद की।
यह भी पढ़ें- मंडला में घर के बाहर सो रही महिला पर बाघ ने किया हमला, सिर पकड़कर खींचा; बेटे की बहादुरी से बची जिंदगी
मामले में महाराष्ट्र के अंधलगांव थाने की पुलिस ने क्षतिग्रस्त बाइक जब्त कर जांच शुरू कर दी है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की पड़ताल कर रही है। हादसे में बाइक सवार दोनों मजदूर गंभीर घायल हैं, जिनका अस्पताल में उपचार चल रहा है।
