बालाघाट में ओवरटेक के चक्कर में कार से टकराई यात्री बस, पेड़ से भिड़कर पलटी; 25 यात्री घायल
बालाघाट-बैहर मार्ग पर एक यात्री बस ओवरटेक के चक्कर में अनियंत्रित होकर पलट गई, जिसमें लगभग 25 यात्री घायल हो ...और पढ़ें

बालाघाट में यात्री बस पलटी।
HighLights
बालाघाट में ओवरटेक के प्रयास में यात्री बस पलटी।
हादसे में बस सवार करीब 25 यात्री घायल हुए।
बस अनियंत्रित होकर पेड़ से टकराकर सड़क पर पलटी।
डिजिटल डेस्क, बालाघाट। बालाघाट-बैहर मार्ग पर रविवार शाम तेज रफ्तार यात्री बस ओवरटेक करने के प्रयास में अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में बस सवार करीब 25 यात्री घायल हो गए। इनमें कुछ को गंभीर चोटें आने की सूचना है। दुर्घटना रूपझर थाना क्षेत्र में लौंगुर और चिखलाझोड़ी गांव के बीच शाम करीब पौने सात बजे हुई।
जानकारी के अनुसार नारायण ट्रेवल्स की बस क्रमांक एमपी 50 जेडएफ 6483 बालाघाट बस स्टैंड से सालेटेकरी के लिए रवाना हुई थी। बस में करीब 40 से 45 यात्री सवार थे।
कार को ओवरटेक करते समय बिगड़ा संतुलन
लौंगुर और चिखलाझोड़ी के बीच बस चालक ने आगे चल रही अर्टिगा कार को ओवरटेक करने की कोशिश की। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक इसी दौरान बस कार से टकरा गई। टक्कर के बाद चालक बस पर नियंत्रण नहीं रख सका और बस सड़क किनारे पेड़ से जा भिड़ी।
पेड़ से टकराने के बाद बस सड़क पर पलट गई। अचानक हुए हादसे से यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। कई यात्री सीटों के बीच फंस गए, जिन्हें स्थानीय लोगों की मदद से बाहर निकाला गया।

पुलिस और ग्रामीणों ने संभाला मोर्चा
हादसे के बाद राहगीरों ने रूपझर थाना पुलिस और 108 एंबुलेंस को सूचना दी। पुलिस टीम तत्काल मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों के साथ मिलकर राहत और बचाव कार्य शुरू किया गया और बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकाला गया।
यह भी पढ़ें- सीधी में नाबालिग से बर्बरता: चोरी के शक में पिलर से बांधकर पीटा, पैर पकड़कर छोड़ने की लगाता रहा गुहार; Video वायरल
सभी घायलों को उपचार के लिए जिला अस्पताल बालाघाट भेजा गया। अस्पताल में घायलों का इलाज जारी है। पुलिस के अनुसार कुछ यात्रियों को मामूली चोटें आई हैं, जबकि कुछ की स्थिति गंभीर बताई जा रही है।
रूपझर थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक तौर पर ओवरटेक के दौरान बस के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है। पुलिस हादसे के कारणों और बस चालक की कथित लापरवाही की जांच कर रही है।
