सीधी में नाबालिग से बर्बरता: चोरी के शक में पिलर से बांधकर पीटा, पैर पकड़कर छोड़ने की लगाता रहा गुहार; Video वायरल
सीधी में चोरी के शक में एक नाबालिग को पेट्रोल पंप पर पिलर से बांधकर बेरहमी से पीटा गया, जिसका ...और पढ़ें

बच्चे को पिलर से बांधा, बच्च्चा गिड्गिड़ाता रहा। (वीडियो ग्रैब)
HighLights
विजय फिलिंग पेट्रोल पंप परिसर की बताई जा रही घटना।
पेट्रोल पंप परिसर में घुसा था बच्चा, तभी कर्मियों ने पकड़ा।
दोनों पक्षों की ओर से अब तक पुलिस में शिकायत दर्ज नहीं।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। प्रदेश के सीधी में चोरी के शक में एक नाबालिग के साथ बर्बरता का मामला सामने आया है। विजय फिलिंग पेट्रोल पंप परिसर में बच्चे को पिलर से बांधकर पीटा गया। घटना का वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। वीडियो में नाबालिग लोगों के पैर पकड़कर उसे छोड़ने की गुहार लगाता नजर आ रहा है, लेकिन उसकी फरियाद के बावजूद मारपीट जारी रहती है।
विजय फिलिंग पेट्रोल पंप मनीष अग्रवाल का है। घटना रविवार सुबह करीब 10 बजे की बताई जा रही है। आरोप है कि नाबालिग पंप के पीछे बने मकान में चोरी की नीयत से घुसा था। इसी दौरान पंप कर्मचारियों ने उसे पकड़ लिया।
पिलर से बांधकर की मारपीट
वायरल वीडियो में नाबालिग पेट्रोल पंप परिसर में एक पिलर से बंधा दिखाई दे रहा है। उसके आसपास कई लोग खड़े हैं। बच्चा बार-बार लोगों के पैर पकड़कर उसे छोड़ने की गुहार लगाता है, लेकिन उसे राहत नहीं मिलती।
वीडियो में मारपीट के दौरान उससे घर का फोन नंबर भी पूछा जाता है। नंबर बंद मिलने पर कर्मचारियों ने उसके गलत और पुराना नंबर बताने का आरोप लगाते हुए दोबारा मारपीट की। घटना में शामिल लोग पेट्रोल पंप के कर्मचारी बताए जा रहे हैं।
यह भी पढ़ें- चुरहट CHC में न ऑक्सीजन मास्क मिला न समय पर एंबुलेंस; रीवा अस्पताल पहुंचने से पहले छह साल के मासूम ने तोड़ा दम
पुलिस को शिकायत का इंतजार
मामले में कोतवाली थाना प्रभारी दिव्य प्रकाश त्रिपाठी ने बताया कि पुलिस को फिलहाल घटना की कोई शिकायत नहीं मिली है। किसी भी पक्ष ने थाने में आवेदन नहीं दिया है। शिकायत मिलने पर मामले की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी।
थाना प्रभारी ने स्पष्ट किया कि किसी को भी चोरी या किसी अन्य अपराध का संदेह होने पर कानून अपने हाथ में लेने का अधिकार नहीं है। ऐसी स्थिति में पुलिस को सूचना दी जानी चाहिए और कार्रवाई कानून के अनुसार ही होनी चाहिए।
