विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

अनूपपुर में घरेलू विवाद का खौफनाक अंत: पत्नी की डंडे से पीटकर हत्या, रातभर शव के पास सोता रहा पति

Published: Thu, 22 Oct 2026 10:34 PM (IST)

अनूपपुर जिले में घरेलू विवाद के चलते पति ने अपनी पत्नी की बांस के डंडे से पीटकर हत्या कर दी। ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. कोतमा थाना क्षेत्र के टिकाई टोला गांव में हुई वारदात।

  2. दोनों ने पांच साल पहले किया था प्रेम विवाह, दो छोटे बच्चे।

  3. नशे में घर पहुंचा था पति, विवाद के बाद पत्नी को मारा।

डिजिटल डेस्क, जबलपुर। प्रदेश के अनूपपुर जिले में घरेलू विवाद ने एक महिला की जान ले ली। कोतमा थाना क्षेत्र के खमरोध ग्राम पंचायत अंतर्गत टिकाई टोला में पत्नी के बार-बार मायके जाने की बात से नाराज पति ने बांस के डंडे से उसे बुरी तरह पीट दिया। सिर पर गंभीर चोट लगने से 23 वर्षीय चंदा देवी की मौत हो गई। हैरान करने वाली बात यह है कि वारदात के बाद आरोपित लहूलुहान पत्नी को घसीटकर कमरे में ले गया और नशे की हालत में रातभर उसके पास सोता रहा।

गुरुवार सुबह नींद खुलने पर पत्नी को खून से लथपथ देखकर उसने खून के निशान छिपाने के लिए कमरे के आसपास गोबर से लिपाई कर दी। हालांकि, खून के धब्बे पूरी तरह नहीं छिप सके। बाद में आरोपित की मां घर लौटीं और बहू को मृत देखकर चीख पड़ीं। उनकी आवाज सुनकर ग्रामीण मौके पर पहुंचे और पुलिस को सूचना दी।

पांच साल पहले किया था प्रेम विवाह

पुलिस के अनुसार, मृतका चंदा देवी की उम्र 23 वर्ष थी, जबकि आरोपित पति सुदामा अगरिया 26 साल का है। दोनों ने करीब पांच वर्ष पहले प्रेम विवाह किया था। उनके दो छोटे बच्चे हैं, जिनकी उम्र लगभग ढाई वर्ष और डेढ़ वर्ष बताई गई है।

पुलिस अधीक्षक विक्रांत मुराब के मुताबिक चंदा के बार-बार बिना बताए मायके चले जाने को लेकर पति-पत्नी के बीच अक्सर विवाद होता था। कई बार समझाइश देकर मामला शांत कराया गया, लेकिन उनके बीच तनाव बना रहा।

नशे में घर पहुंचा, विवाद बढ़ने पर किया हमला

घटना बुधवार रात करीब 8 से 9 बजे के बीच की बताई जा रही है। पुलिस के अनुसार, सुदामा नशे की हालत में घर पहुंचा था। पत्नी के मायके जाने को लेकर दोनों के बीच फिर कहासुनी शुरू हो गई, जो देखते ही देखते गंभीर विवाद में बदल गई।

झगड़ा बढ़ता देख आरोपित की मां दोनों बच्चों को लेकर घर से बाहर चली गईं और पास के एक अन्य घर में पहुंच गईं। इसी दौरान आरोप है कि सुदामा ने गुस्से में बांस के डंडे से चंदा के सिर पर वार कर दिया। गंभीर चोट लगने के कारण उसकी मौत हो गई।

खून के निशान छिपाने की लिपाई

पुलिस के मुताबिक, हमला करने के बाद आरोपित पत्नी को घसीटकर कमरे के अंदर ले गया और उसके पास ही सो गया। गुरुवार सुबह जब उसकी नींद खुली, तो कमरे में खून फैला हुआ था। आरोप है कि उसने खून के निशान छिपाने के लिए गोबर से लिपाई कर दी, लेकिन धब्बे पूरी तरह नहीं मिट सके।

कुछ देर बाद आरोपित की मां बच्चों के साथ घर लौटी। बहू को मृत अवस्था में देखकर वह रोने लगीं। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग जमा हो गए और पुलिस को घटना की जानकारी दी।

यह भी पढ़ें- जबलपुर: दुर्गा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, जुलूस में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए 10 लोग; दो की मौत

पुलिस ने शुरू की जांच

सूचना मिलने के बाद पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू की। मामले में घरेलू विवाद को हत्या की वजह माना जा रहा है। पुलिस घटनाक्रम, साक्ष्यों और आरोपित की भूमिका की जांच कर रही है।