जबलपुर: दुर्गा विसर्जन के दौरान बड़ा हादसा, जुलूस में हाईटेंशन लाइन की चपेट में आए 10 लोग; दो की मौत
जबलपुर के मझौली में दुर्गा प्रतिमा विसर्जन जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया, जहां हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई।
HighLights
जबलपुर के मझौली में दुर्गा विसर्जन जुलूस में हादसा।
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत।
आठ से अधिक लोग करंट लगने से गंभीर रूप से घायल।
डिजिटल डेस्क, जबलपुर। विजयादशमी के बाद दुर्गा माता की प्रतिमा विसर्जन करने के लिए जबलपुर के मझौली क्षेत्र के लोग जा रहे थे। लेकिन बुधवार देर रात मझौली के नीला तालाब के पास विसर्जन जुलूस के दौरान बड़ा हादसा हो गया।
हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से दो लोगों की मौत हो गई। वहीं आठ से ज्यादा लोग करंट लगने से झुलस गए। घायलों को तुरंत एंबुलेंस की मदद से जबलपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
जबलपुर में मूर्ति विसर्जन जुलूस के दौरान हादसा
घटना की सूचना मिलते ही प्रशासनिक और पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस और स्थानीय लोगों ने मिलकर तुरंत घायलों को बाहर निकाला और उन्हें जबलपुर मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।
इस हादसे में दो लोगों की मौत हो गई। वहीं आठ से ज्यादा लोगों का इलाज जारी है। इनमें से कुछ लोग गंभीर रूप से घायल हैं।
कैसे हुआ हादसा?
दुर्गा माता की मूर्ति के विसर्जन में शामिल लोग प्रतिमा लेकर नीला तालाब की ओर जा रहे थे। इसी दौरान प्रतिमा/डीजे या वाहन का कोई हिस्सा ऊपर से गुजर रही बड़ी लाइन से टकरा गया और करंट पूरे जुलूस में फैल गया। करंट की चपेट में आए लोगों में चीख-पुकार मच गई।
पुलिस ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और बिजली विभाग से लाइन की सुरक्षा को लेकर जवाब तलब किया गया है।
यह भी पढ़ें- ग्वालियर: शीतला माता मंदिर हादसे के तीन दिन बाद पुलिस का एक्शन, तिघरा थाना प्रभारी लाइन हाजिर
