विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

उज्जैन: मोहर्रम जुलूस में 40 फीट ऊंचाई पर वैन लटकाकर किया धमाका, Video वायरल होने के बाद छिड़ा विवाद; चार पर FIR

Published: Thu, 25 Jun 2026 03:23 PM (IST)

उज्जैन के बड़नगर में मोहर्रम जुलूस के दौरान 40 फीट ऊपर वैन लटकाकर उसमें विस्फोट करने का वीडियो वायरल हुआ ...और पढ़ें

HighLights

  1. बड़नगर मोहर्रम जुलूस में 40 फीट ऊपर वैन में विस्फोट।

  2. वायरल वीडियो के बाद हिंदूवादी संगठनों ने जताई आपत्ति।

  3. पुलिस ने आयोजक सहित चार लोगों पर दर्ज की FIR।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। उज्जैन जिले के बड़नगर में मोहर्रम जुलूस के दौरान किया गया एक प्रदर्शन विवादों में आ गया है। सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो में एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन की मदद से जमीन से करीब 40 फीट ऊपर लटकाया गया है, जिसके बाद हवा में ही उसमें विस्फोट होता दिखाई दे रहा है। घटना का वीडियो सामने आने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है और चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है।

जानकारी के अनुसार 23 जून की रात बड़नगर के अडान मोहल्ले से मोहर्रम का जुलूस निकाला गया था, जिसमें बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए थे। वायरल वीडियो में दिखाई देता है कि एक टाटा मैजिक वैन को क्रेन से बांधकर ऊपर उठाया गया। वैन के ऊपर दो युवक खड़े थे, जिन्होंने अपने चेहरे कपड़े से ढक रखे थे और लाल झंडा लहरा रहे थे। कुछ देर बाद क्रेन की मदद से वैन को और ऊपर ले जाया गया, जिसके बाद उसमें विस्फोट किया गया।

वैन पर लिखा था ‘ले फिर आ गए’

वैन पर लिखा हुआ था ‘ले फिर आ गए’। एक इंस्टाग्राम आईडी परवेज एडिट्स 2.0 पर इस घटना का वीडियो वायरल भी किया गया। इसके अलावा कुछ अन्य वीडियो भी इस आईडी पर थे। पुलिस मामले की जांच कर रही है। इस तरह का विस्फोट करके कुछ लोग क्या संदेश देना चाहते हैं, इस पर भी पुलिस जांच पड़ताल कर रही है। इस तरह की हरकत की हिंदूवादी संगठनों ने निंदा की है।

घटना को लेकर जताई आपत्ति

वीडियो वायरल होने के बाद हरिद्वार के संत स्वामी शिवानंद गिरी ने इस पर आपत्ति जताई। उन्होंने इंटरनेट मीडिया पर लिखा कि ऐसा लगता है जैसे संदेश दिया जा रहा हो कि ‘हम काफिरों की गाड़ियों को इसी तरह उड़ा देंगे।’

हिंदू जागरण मंच के रितेश माहेश्वरी ने कहा कि सकल हिंदू समाज की मांग है कि जिला प्रशासन स्पष्ट करे कि इस तरह की गतिविधि की अनुमति दी गई थी या नहीं। मामले को लेकर बड़नगर थाना प्रभारी कमलेश सिंगार ने बताया कि मामले की जानकारी मिल गई है। आयोजकों से पूछताछ कर जांच की जा रही है। जल्द कार्रवाई की जाएगी।

यह भी पढ़ें- सोने के सिक्के खरीदकर खपाई साइबर ठगी की रकम, भोपाल के चार ज्वेलर्स को लगाया लाखों का चूना; इंदौर-उज्जैन से जुड़े गिरोह के तार

पुलिस ने दर्ज किया प्रकरण

पुलिस ने बताया कि मामले में एफआईआर दर्ज कर ली गई है। इसमें चार आरोपितों पर नामजद मामला दर्ज किया गया है। इसमें आयोजक शोएब खान सहित अन्य आरोपितों को भी शामिल किया गया है। वैन पर झंडे लहराने वाले जाहिद खान और तस्लीम पर भी प्रकरण दर्ज किया गया है। साथ ही वैन मालिक को भी आरोपित बनाया गया है।