शाजापुर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान हादसा: DJ की तेज आवाज के कंपन से गिरी मकान की छत, थाने पहुंचा मामला
शाजापुर के शुजालपुर में गणेश विसर्जन जुलूस में तेज डीजे की आवाज से एक मकान की छत गिरने का मामला ...और पढ़ें

कमरे में गिरा मलबा।
HighLights
शुजालपुर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान हादसा हुआ।
भाजपा नेता की मां ने थाने पहुंचकर दर्ज कराई शिकायत।
होटल के कांच टूटने की भी सूचना, पुलिस जांच में जुटी।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। शाजापुर जिले के शुजालपुर में गणेश विसर्जन जुलूस के दौरान तेज आवाज में डीजे बजाने को लेकर अनोखी शिकायत सामने आई है। आरोप है कि डीजे की तेज आवाज और कंपन के बाद एक मकान की छत का हिस्सा गिर गया। घटना शनिवार रात करीब 10:30 बजे की बताई जा रही है। पुलिस ने शिकायत दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
जुलूस के दौरान महसूस हुआ कंपन
चौबे मार्ग स्थित भाजपा चिकित्सा प्रकोष्ठ के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष डॉ. अभिजीत देशमुख के पैतृक मकान में उनकी 75 वर्षीय मां शैलजा देशमुख रहती हैं। शैलजा के अनुसार, शनिवार रात गणेश विसर्जन जुलूस उनके मकान के पास से गुजर रहा था। इस दौरान डीजे की आवाज इतनी तेज थी कि उन्हें घर के भीतर कंपन महसूस होने लगा।
उन्होंने बताया कि कुछ देर बाद धमाके जैसी आवाज सुनाई दी। सुबह जब उन्होंने मकान देखा तो छत का एक हिस्सा गिरा हुआ मिला। इसके बाद मामले की जानकारी पुलिस को दी गई।
होटल के कांच टूटने की भी सूचना
घटनास्थल के आसपास तेज आवाज और कंपन से नुकसान की एक और सूचना सामने आई है। बताया गया कि पास स्थित एक होटल के कांच के शीशे भी टूट गए। हालांकि, पुलिस ने अभी यह पुष्टि नहीं की है कि मकान की छत गिरने और होटल के कांच टूटने की वजह डीजे की आवाज ही थी।
पुलिस का कहना है कि छत गिरने का वास्तविक कारण फिलहाल स्पष्ट नहीं है। मामले की जांच की जा रही है और घटनाक्रम से जुड़े तथ्यों की पड़ताल के बाद ही स्थिति साफ होगी।
यह भी पढ़ें- बड़वानी में गणेश विसर्जन के जुलूस में गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के पोस्टर लहराए, समर्थन में लगे नारे; Video वायरल
शैलजा देशमुख ने प्रशासन से विसर्जन जुलूसों के दौरान ध्वनि सीमा का पालन कराने और अत्यधिक तेज आवाज में साउंड सिस्टम बजाने पर रोक लगाने की मांग की है।
ध्वनि प्रदूषण को लेकर निर्धारित मानकों के अनुसार अलग-अलग क्षेत्रों के लिए अलग ध्वनि सीमा तय है। औद्योगिक क्षेत्र में 75, व्यावसायिक क्षेत्र में 65, आवासीय क्षेत्र में 55 और साइलेंट जोन में 50 डेसिबल की सीमा निर्धारित है।
