विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

शाजापुर में ट्रैक मेंटेनेंस ट्रॉली को गोवा एक्सप्रेस ने मारी टक्कर, एक रेलकर्मी की मौत; दूसरे का पैर कटा

Published: Fri, 16 Oct 2026 02:23 PM (IST)

शाजापुर में मक्सी-पीर उमरोद के बीच गोवा एक्सप्रेस ने ट्रैक मेंटेनेंस ट्रॉली को टक्कर मार दी, जिससे एक रेलकर्मी की ...और पढ़ें

हादसे के बाद घटनास्थल पर ट्रेन खड़ी रही। (वीडियो ग्रैब)

हादसे के बाद घटनास्थल पर ट्रेन खड़ी रही। (वीडियो ग्रैब)

HighLights

  1. गोवा एक्सप्रेस ने ट्रैक मेंटेनेंस ट्रॉली को टक्कर मारी, एक की मौत।

  2. शाजापुर में मक्सी-पीर उमरोद रेलखंड पर हुआ यह दर्दनाक हादसा।

  3. हादसे के बाद आधे घंटे तक रेल यातायात प्रभावित रहा।

डिजिटल डेस्क, शाजापुर। प्रदेश के शाजापुर जिले में मक्सी और पीर उमरोद के बीच शुक्रवार सुबह एक दर्दनाक रेल हादसा हो गया। ग्राम झोंकर रेलवे फाटक के पास ट्रैक मेंटेनेंस का काम कर रही स्थाई मार्ग निरीक्षक ट्रॉली को डायवर्टेड गोवा एक्सप्रेस ने टक्कर मार दी। हादसे में एक रेलकर्मी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घायल कर्मचारी का पैर कट गया है और उसका उपचार किया जा रहा है।

घटना शुक्रवार सुबह करीब 11 बजे पश्चिम रेलवे के रतलाम मंडल में हुई। हादसे के बाद रेल ट्रैक पर अफरा-तफरी मच गई। ट्रॉली टक्कर के कारण बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना के चलते रेल यातायात करीब आधे घंटे तक प्रभावित रहा। रेलवे की टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई की, जिसके बाद ट्रेनों का परिचालन फिर से शुरू कराया गया।

ट्रैक मेंटेनेंस के दौरान ट्रेन की टक्कर

जानकारी के अनुसार, बेरछा रेलवे स्टेशन से करीब 14 किलोमीटर दूर मक्सी-पीर उमरोद रेलखंड पर कर्मचारी ट्रैक की मरम्मत और सुधार का काम कर रहे थे। इसी दौरान मक्सी की ओर से आ रही डायवर्टेड गोवा एक्सप्रेस ने स्थाई मार्ग निरीक्षक ट्रॉली को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि ट्रॉली क्षतिग्रस्त हो गई और कर्मचारी इसकी चपेट में आ गए।

हादसे में ट्रैक सुधारक भगवानसिंह की मौके पर ही जान चली गई। वहीं, कर्मचारी दिलीप जायसवाल गंभीर रूप से घायल हो गए। बताया जा रहा है कि हादसे में उनका पैर कट गया। दोनों रेलकर्मी शाजापुर जिले के बलियासोन गांव के निवासी बताए गए हैं।

यह भी पढ़ें- इंदौर में गरबा पंडाल में नशे में पहुंचा युवक, आयोजक महिला पर FIR; गार्डन सील, अनुमति भी निरस्त

रेलवे ने शुरू की हादसे की जांच

दुर्घटना के बाद रेलवे की टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर स्थिति संभाली और रेल यातायात बहाल कराया। फिलहाल हादसा किन परिस्थितियों में हुआ और ट्रैक मेंटेनेंस के दौरान सुरक्षा संबंधी सभी प्रक्रियाओं का पालन किया गया था या नहीं, इसकी जांच की जा रही है। जांच के बाद ही दुर्घटना के वास्तविक कारणों का पता चल सकेगा।

मक्सी-पीर उमरोद के बीच गोवा एक्सप्रेस ट्रेन और ट्रॉली की टक्कर हुई है। हादसे में एक रेलकर्मी की मौत हुई और एक गंभीर घायल हुआ है। घटना से करीब आधे घंटे रेल यातायात प्रभावित हुआ। मौके पर पहुंची रेलवे की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए रेल यातायात सूचारू कराया। हादसे की जांच की जा रही है।
- मुकेश कुमार, जनसंपर्क अधिकारी, रतलाम रेल मंडल