विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रतलाम में रेलवे फाटक पर फंसी कार से टकराई सुपरफास्ट ट्रेन, टला बड़ा हादसा; गेटमैन पर नशे में होने का आरोप

Published: Fri, 16 Oct 2026 02:48 PM (IST)

रतलाम में रेलवे फाटक पर फंसी कार को सुपरफास्ट ट्रेन ने टक्कर मार दी, जिससे बड़ा हादसा टल गया। चालक ...और पढ़ें

रतलाम में रेलवे फाटक पर हादसा।

रतलाम में रेलवे फाटक पर हादसा।

HighLights

  1. बंजली बायपास मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर हुआ हादसा।

  2. रेलवे फाटक के बीच फंसी कार, तभी आई सुपरफास्ट एक्सप्रेस।

  3. गेटमैन पर नशे में होने और लापरवाही बरतने का आरोप।

डिजिटल डेस्क, रतलाम। प्रदेश के रतलाम में गुरुवार रात रेलवे क्रॉसिंग पर एक बड़ा हादसा होते-होते बचा। बंजली बायपास मार्ग स्थित रेलवे फाटक पर एक कार पटरी के बीच फंस गई। इसी दौरान हिसार से खड़की जा रही सुपरफास्ट ट्रेन संख्या 22980 वहां पहुंच गई और उसके इंजन की कार से जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार उछलकर दूर जा गिरी और पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। गनीमत रही कि कार चालक समय रहते बाहर निकल गया। ट्रेन में सवार किसी यात्री के घायल होने की सूचना नहीं है।

घटना गुरुवार रात करीब 10:30 बजे की है। हादसे के बाद रेलवे महकमे में हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही रतलाम मंडल के डीआरएम अश्वनी कुमार समेत रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। टक्कर से ट्रेन के इंजन का अगला हिस्सा भी क्षतिग्रस्त हुआ। ट्रेन के रतलाम स्टेशन पहुंचने पर उसकी जांच की गई, जिसके बाद उसे आगे रवाना किया गया।

फाटक बंद होने से बीच में फंस गई कार

कार चालक ताल निवासी प्रणय उपाध्याय के मुताबिक, वह कार क्रमांक जीजे 15 सीके 0369 से ताल से रतलाम की ओर आ रहे थे। रेलवे क्रॉसिंग पर फाटक खुला देखकर वह कार लेकर अंदर पहुंचे, लेकिन इसी दौरान फाटक बंद हो गया और उनकी कार पटरियों के बीच फंस गई।

प्रणय का कहना है कि वह कार से उतरकर गेटमैन को सूचना देने पहुंचे। उनके अनुसार, गेटमैन का कमरा घटनास्थल से करीब पांच मिनट की दूरी पर था, जबकि ट्रेन आने में लगभग 10 मिनट का समय था। उन्होंने दावा किया कि गेटमैन से सूचना देने के बाद वह वापस कार के पास पहुंचे और उसे हटाने की कोशिश करने लगे।

गेटमैन पर शराब के नशे में होने का आरोप

प्रणय उपाध्याय ने आरोप लगाया कि घटना के समय गेटमैन शराब के नशे में था। उनके मुताबिक, गेटमैन के कमरे में शराब और बीयर की बोतलें, कैन और गिलास रखे हुए थे। उन्होंने यह भी दावा किया कि उनके पास एक वीडियो है, जिसमें गेटमैन नशे की हालत में बातचीत करता दिखाई दे रहा है।

प्रणय के अनुसार, जब उन्होंने गेटमैन से संपर्क किया तो उसे ट्रेन के आने की दिशा के बारे में भी पूछा। आरोप है कि गेटमैन ने उन्हें बताया कि ट्रेन पटरी के पीछे की ओर से आएगी, इस तरफ से नहीं। इसी बीच ट्रेन आ गई और कार को टक्कर मार दी। हालांकि, गेटमैन के नशे में होने और ट्रेन की दिशा को लेकर दिए गए बयान संबंधी आरोपों की आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है। इन बिंदुओं पर रेलवे की जांच के बाद ही स्थिति स्पष्ट हो सकेगी।

यह भी पढ़ें- शाजापुर में ट्रैक मेंटेनेंस ट्रॉली को गोवा एक्सप्रेस ने मारी टक्कर, एक रेलकर्मी की मौत; दूसरे का पैर कटा

बाइक सवार भी बाल-बाल बचा

कार चालक के मुताबिक, हादसे के समय घटनास्थल पर एक बाइक सवार भी मौजूद था। ट्रेन को आता देखकर वह समय रहते पटरी से दूर हट गया। यदि वह समय पर किनारे नहीं होता, तो वह भी दुर्घटना की चपेट में आ सकता था।इस घटना में कार पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई, जबकि ट्रेन के इंजन के अगले हिस्से को भी नुकसान पहुंचा। राहत की बात यह रही कि कार चालक और ट्रेन में सवार यात्रियों के घायल होने की सूचना नहीं मिली।

डीआरएम बोले- जांच के बाद होगी कार्रवाई

घटना की जानकारी मिलने पर डीआरएम अश्वनी कुमार सहित रेलवे के अधिकारी मौके पर पहुंचे। डीआरएम ने कहा कि मामले की जांच कराई जाएगी और जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।