विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रतलाम में टीका लगवाने अस्पताल जा रहे बाइक सवार परिवार को ट्राले ने रौंदा, मां व एक माह के बेटे की मौत; पिता-पुत्री घायल

Published: Mon, 26 Oct 2026 08:19 PM (IST)

रतलाम के नामली में महू-नीमच फोरलेन पर हुए दर्दनाक सड़क हादसे में एक मां और उसके एक माह के बेटे ...और पढ़ें

हादसे के बाद घटनास्थल पर जमा लोगों की भीड़। (इनसेट- मृतका सुगनबाई व हर्षित)

हादसे के बाद घटनास्थल पर जमा लोगों की भीड़। (इनसेट- मृतका सुगनबाई व हर्षित)

HighLights

  1. नामली में महू-नीमच फोरलेन पर हुआ दर्दनाक हादसा।

  2. तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को पीछे से मारी टक्कर।

  3. हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन समेत फरार।

डिजिटल डेस्क, रतलाम। मध्य प्रदेश के रतलाम जिले के नामली में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने परिवार की खुशियां छीन लीं। महू-नीमच फोरलेन पर मंडी गेट के आगे तेज रफ्तार अज्ञात ट्राले ने बाइक को पीछे से टक्कर मार दी। हादसे में बाइक सवार 26 वर्षीय सुगनबाई और उनके एक माह के बेटे हर्षित की मौत हो गई, जबकि पति अनिल गुंदरावत और दो वर्षीय बेटी अर्चना घायल हो गए। दोनों को उपचार के लिए रतलाम मेडिकल कॉलेज ले जाया गया।

परिवार बच्चे का टीकाकरण कराने और उसका जन्म प्रमाणपत्र बनवाने के लिए नामली जा रहा था। हादसे के बाद ट्राला चालक वाहन लेकर रतलाम की ओर भाग निकला। पुलिस ने अज्ञात चालक के खिलाफ प्रकरण दर्ज कर उसकी तलाश शुरू कर दी है।

स्पीड ब्रेकर पर धीमी हुई बाइक, पीछे से आ गया ट्राला

जानकारी के अनुसार, हादसा सोमवार सुबह करीब 11:45 बजे हुआ। बाइक पर सवार परिवार मंडी गेट के पास स्पीड ब्रेकर के कारण धीमी गति से आगे बढ़ रहा था। इसी दौरान पीछे से आए तेज रफ्तार ट्राले ने बाइक को टक्कर मार दी।

टक्कर लगते ही सुगनबाई सड़क की ओर गिर गईं, जबकि अनिल और उनकी बेटी अर्चना सड़क किनारे जा गिरे। सुगनबाई ट्राले के पहिए की चपेट में आ गईं और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। वहीं, एक माह के हर्षित के सिर में गंभीर चोट आई। उसे तत्काल उपचार के लिए मेडिकल कॉलेज पहुंचाया गया, लेकिन इलाज के दौरान उसकी भी मौत हो गई।

बच्चे को टीका लगवाने निकला था परिवार

अनिल गुंदरावत मंदसौर जिले के अफजलपुर थाना क्षेत्र के ग्राम लामगिरी के निवासी हैं। वे रविवार रात ट्रेन से रतलाम जिले के नामली थाना क्षेत्र के ग्राम बड़ौदा स्थित अपनी ससुराल पहुंचे थे। सोमवार सुबह पत्नी और दोनों बच्चों को लेकर नामली सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र जाने के लिए निकले थे।

उन्हें एक माह के बेटे हर्षित का टीकाकरण कराना था और उसका जन्म प्रमाणपत्र भी बनवाना था। परिवार ससुर बद्रीलाल की बाइक से निकला था। बाइक पर आगे दो वर्षीय बेटी अर्चना बैठी थी, जबकि पीछे सुगनबाई गोद में हर्षित को लेकर बैठी थीं।

हादसे में अनिल के हाथ-पैर में मामूली चोटें आईं और अर्चना को हल्की खरोंच आई। प्राथमिक उपचार के बाद दोनों को अस्पताल से छुट्टी दे दी गई। परिवार जिस काम के लिए निकला था, वह एक पल में मातम में बदल गया।

पोस्टमार्टम में देरी, मंगलवार सुबह सौंपे जाएंगे शव

हादसे के बाद मां और बेटे के शवों का पोस्टमार्टम सोमवार शाम तक नहीं हो सका। थाना प्रभारी आनंद सिंह आजाद के अनुसार, पोस्टमार्टम की प्रक्रिया सीसीटीएनएस के माध्यम से पूरी की जाती है। दोपहर तक मर्ग संबंधी प्रक्रिया के लिए परिजन उपस्थित नहीं हो सके थे, जिसके कारण देरी हुई। मंगलवार सुबह पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंपे जाने की जानकारी दी गई।

यह भी पढ़ें- रतलाम में 20 किमी पैदल चलकर कलेक्ट्रेट पहुंचे एकलव्य स्कूल के छात्र, बोले- शिक्षक नहीं आते, हॉस्टल में भी परेशानी

बंद मिले CCTV कैमरे, लोगों ने जताई नाराजगी

पुलिस ने हादसे के बाद फोरलेन पर लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की, लेकिन वे बंद मिले। इससे क्षेत्र के नागरिकों में नाराजगी है। उनका कहना है कि यदि कैमरे चालू होते, तो फरार ट्राले की पहचान करने में मदद मिल सकती थी।

फिलहाल पुलिस अज्ञात ट्राला चालक की तलाश कर रही है। हादसे में शामिल वाहन की पहचान और दुर्घटना के पूरे घटनाक्रम का पता लगाने के लिए जांच जारी है।