विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

रतलाम में 20 किमी पैदल चलकर कलेक्ट्रेट पहुंचे एकलव्य स्कूल के छात्र, बोले- शिक्षक नहीं आते, हॉस्टल में भी परेशानी

Published: Mon, 26 Oct 2026 05:54 PM (IST)

सैलाना के एकलव्य मॉडल स्कूल के विद्यार्थी शिक्षा और छात्रावास की खराब व्यवस्थाओं से परेशान होकर 20 किलोमीटर पैदल चलकर ...और पढ़ें

एकलव्य स्कूल के छात्र पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे।

एकलव्य स्कूल के छात्र पैदल मार्च करते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे।

HighLights

  1. एकलव्य स्कूल छात्र 20 किमी पैदल चलकर कलेक्ट्रेट पहुंचे।

  2. शिक्षक अनुपस्थित, छात्रावास में बुनियादी सुविधाओं की कमी।

  3. अधिकारियों ने जांच का आश्वासन दिया, समाधान का प्रयास।

डिजिटल डेस्क, रतलाम। शिक्षा और छात्रावास की व्यवस्थाओं से परेशान सैलाना कस्बे में स्थित एकलव्य मॉडल स्कूल के विद्यार्थियों ने सोमवार को अपनी शिकायत प्रशासन तक पहुंचाने के लिए अनोखा कदम उठाया। विद्यार्थी करीब 20 किलोमीटर पैदल चलकर रतलाम कलेक्ट्रेट पहुंच गए। उनका आरोप है कि स्कूल में शिक्षक समय पर नहीं आते, जिससे पढ़ाई प्रभावित हो रही है। वहीं, छात्रावास में साफ-सफाई और दूसरी बुनियादी सुविधाओं की स्थिति भी संतोषजनक नहीं है।

विद्यार्थियों ने अपनी समस्याओं को लेकर अधिकारियों को लिखित शिकायत सौंपी और कलेक्टर से मुलाकात की मांग की। कलेक्टर के शहर से बाहर होने की जानकारी मिलने के बावजूद विद्यार्थी कलेक्ट्रेट परिसर में बैठे रहे। उनके साथ आदिवासी संगठन जयस के पदाधिकारी भी मौजूद थे। विद्यार्थियों का कहना है कि वे करीब एक महीने से इन समस्याओं से जूझ रहे हैं, लेकिन शिकायतों पर अपेक्षित कार्रवाई नहीं होने के कारण उन्हें पैदल कलेक्ट्रेट पहुंचने का निर्णय लेना पड़ा।

रास्ते में अधिकारियों ने रोका, बस की व्यवस्था भी ठुकराई

विद्यार्थियों के पैदल रतलाम आने की सूचना मिलने पर प्रशासनिक अधिकारी रास्ते में उनसे मिलने पहुंचे। छात्रों को कलेक्ट्रेट तक लाने के लिए बस की व्यवस्था भी की गई, लेकिन वे बस में बैठने को तैयार नहीं हुए। इसके बाद विद्यार्थी पैदल चलते रहे और उनके पीछे खाली बस तथा अधिकारियों के वाहन चलते रहे। स्कूल प्रबंधन की ओर से विद्यार्थियों को नाश्ता भी उपलब्ध कराया जा रहा था।

विद्यार्थियों की मांग थी कि उनकी समस्याओं को गंभीरता से सुना जाए और वे सीधे कलेक्टर के सामने अपनी बात रखना चाहते थे।

E School student protest march 21416

स्कूल जाकर जांच करेंगी सहायक आयुक्त

जनजातीय कार्य विभाग की सहायक आयुक्त डॉ. प्रियंका राय ने शिकायतों की जांच कराने की बात कही है। उन्होंने बताया कि करीब एक महीने पहले स्कूल का निरीक्षण किया गया था। अब विद्यार्थियों के साथ स्कूल जाकर वहां की व्यवस्थाओं और शिकायतों की वास्तविक स्थिति देखी जाएगी।

सहायक आयुक्त ने स्टाफ और विद्यार्थियों के बीच संवाद की कमी होने की संभावना भी जताई। निरीक्षण के दौरान पढ़ाई, छात्रावास और अन्य व्यवस्थाओं से संबंधित शिकायतों की पड़ताल की जाएगी।

प्राचार्य बोले- कुछ समस्याएं दूर कीं, बाकी काम के लिए भेजा पत्र

स्कूल के प्राचार्य नरेंद्र गंगवार ने बताया कि छात्रावास के बाथरूम से जुड़ी कुछ छोटी समस्याओं का समाधान करा दिया गया है। वहीं, बड़े निर्माण और मरम्मत कार्य लोक निर्माण विभाग (सीपीडब्ल्यूडी) के माध्यम से कराए जाने हैं। इसके लिए संबंधित विभाग को पत्र भेजा जा चुका है। एस्टीमेट तैयार होने और बजट उपलब्ध होने के बाद काम कराया जाएगा।

यह भी पढ़ें- इंदौर में नाबालिग से सामूहिक दुष्कर्म, आपत्तिजनक वीडियो वायरल होने पर 10 माह बाद चार पर केस दर्ज

पढ़ाई को लेकर प्राचार्य ने बताया कि अर्थशास्त्र के नियमित शिक्षक को दूसरी जगह अटैच किए जाने के कारण फिलहाल अतिथि शिक्षक से पढ़ाई कराई जा रही है। विद्यार्थियों ने भौतिकी विषय की पढ़ाई को लेकर भी शिकायत की है। संबंधित शिक्षक से चर्चा कर समस्या का समाधान निकालने का प्रयास किया जाएगा।

प्राचार्य के अनुसार, स्कूल में विद्यार्थियों को यूनिफॉर्म और रोजमर्रा की जरूरी सामग्री उपलब्ध कराई जा चुकी है। भोजन नियमित रूप से दिया जा रहा है। भोजन संबंधी शिकायतों के समाधान के लिए मेस कमेटी भी बनाई गई है। स्कूल में कुल 398 विद्यार्थी अध्ययनरत हैं। इनमें कक्षा नौवीं से बारहवीं तक के करीब 200 विद्यार्थी शामिल हैं।