रतलाम में ज्वेलर्स की दुकान में चोरी, PPE किट पहनकर घुसे 3 चोर; 2 लाख की ज्वेलरी और नकदी ले उड़े
रतलाम के सराफा बाजार में भंडारी ज्वेलर्स से तीन चोरों ने पीपीई किट पहनकर दो लाख से अधिक की आर्टिफिशियल ...और पढ़ें

चोरों की करतूत सीसीटीवी में कैद।
HighLights
रतलाम में भंडारी ज्वेलर्स में घुसकर लाखों की चोरी।
पीपीई किट पहनकर घुसे तीन चोरों ने की वारदात।
पुलिस अज्ञात आरोपितों की तलाश में जुटी।
डिजिटल डेस्क, रतलाम। रतलाम के सराफा बाजार से लगे चौमुखीपुल क्षेत्र में चोरों ने एक ज्वेलर्स की दुकान को निशाना बनाते हुए लाखों रुपये के सामान पर हाथ साफ कर दिया। मंगलवार-बुधवार की दरमियानी रात भंडारी ज्वेलर्स का ताला तोड़कर घुसे तीन चोर 2 लाख रुपये से अधिक कीमत की आर्टिफिशियल ज्वेलरी और गल्ले में रखे करीब 20 हजार रुपये नकद चुरा ले गए।
वारदात को अंजाम देने के दौरान आरोपितों ने अपनी पहचान छिपाने के लिए पीपीई किट पहन रखी थी। दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरों में तीनों की गतिविधियां कैद हो गई हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर आरोपितों की तलाश में जुटी है।
पड़ोसी ने फोन कर दी सूचना
दुकान संचालक रजत भंडारी के मुताबिक, वह मंगलवार रात करीब 9 बजे दुकान बंद कर घर चले गए थे। बुधवार सुबह पड़ोसी दुकानदार दिनेश सुराना ने फोन कर दुकान का ताला टूटे होने की सूचना दी। इसके बाद रजत मौके पर पहुंचे तो दुकान के भीतर सामान बिखरा हुआ था।
जांच करने पर आर्टिफिशियल ज्वेलरी के तीन-चार बॉक्स खाली मिले। चोर इन बॉक्स में रखे आभूषणों के साथ गल्ले में रखी करीब 20 हजार रुपये की नकदी भी ले गए। चोरी गए सामान में व्हाइट मेटल की पायल, कंदोरे, कड़ियां और अन्य आर्टिफिशियल ज्वेलरी शामिल हैं।
पीपीई किट पहनकर पहुंचे बदमाश, हाथों में थी टॉर्च
दुकान के सीसीटीवी फुटेज में तीन संदिग्ध नजर आ रहे हैं। बताया गया है कि चोरों ने पहचान छिपाने के लिए पीपीई किट पहन रखी थी और चेहरों को कपड़े से ढक रखा था। उनके हाथों में टॉर्च भी दिखाई दी।
फुटेज के अनुसार, तीनों बुधवार तड़के करीब 3:50 बजे दुकान के भीतर पहुंचे। इसके बाद उन्होंने आभूषणों के बॉक्स खाली किए और नकदी लेकर फरार हो गए। पहचान छिपाने की कोशिश के बावजूद उनकी गतिविधियां सीसीटीवी कैमरों में रिकॉर्ड हो गईं।
एएसपी और सीएसपी ने किया मुआयना
चोरी की सूचना मिलते ही एएसपी राकेश पंद्रों, सीएसपी सत्येंद्र घनघोरिया, माणकचौक थाना प्रभारी विक्रम सिंह चौहान और पुलिस बल मौके पर पहुंचा। अधिकारियों ने दुकान के अंदर और ऊपरी मंजिल पर जाकर घटनास्थल का निरीक्षण किया।
एएसपी राकेश पंद्रों के अनुसार, सीसीटीवी फुटेज में तीन आरोपित दिखाई दे रहे हैं। पुलिस फुटेज के आधार पर उनकी पहचान करने और तलाश में जुटी है। शहर के व्यस्त कारोबारी क्षेत्र में हुई इस वारदात के बाद सुरक्षा व्यवस्था को लेकर भी सवाल उठ रहे हैं।
