रतलाम के बालिका छात्रावास में 3 छात्राओं की तबीयत बिगड़ी, भेजा अस्पताल; एक दिन पहले भी बीमार हुई थीं 9 छात्राएं
रतलाम के रावटी स्थित शासकीय बालिका छात्रावास में दो दिनों में 12 छात्राएं बीमार पड़ गईं, जिनमें चक्कर और घबराहट की शिकायत थी। स्कूल प्रबंधन ने छात्राओं को स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया और खाद्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए लिए गए हैं, हालांकि फूड पॉइजनिंग की पुष्टि नहीं हुई है।

छात्रावास की छात्राओं से चर्चा करते तहसीलदार कुलभूषण शर्मा।
HighLights
दो दिनों में रावटी छात्रावास की 12 छात्राएं बीमार हुईं।
छात्राओं को चक्कर और घबराहट की शिकायत हुई थी।
खाद्य सामग्री के सैंपल जांच के लिए भेजे गए हैं।
डिजिटल डेस्क, रतलाम। जिले के रावटी स्थित शासकीय बालिका छात्रावास में छात्राओं की तबीयत बिगड़ने का सिलसिला थम नहीं रहा है। गुरुवार को 9 छात्राओं को चक्कर और घबराहट की शिकायत हुई थी, वहीं शुक्रवार सुबह प्रार्थना के दौरान तीन और छात्राओं की तबीयत बिगड़ गई। दो दिनों में कुल 12 छात्राएं बीमार हुई हैं। मामले की सूचना मिलने पर स्कूल प्रबंधन ने छात्राओं को तत्काल स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। छात्रावास में खाद्य सामग्री की जांच कर सैंपल भी लिए गए हैं।
प्रार्थना के दौरान छात्राओं को आए चक्कर
शुक्रवार सुबह करीब 10:30 बजे स्कूल शुरू होने के बाद प्रार्थना के दौरान कक्षा छठवीं, सातवीं और आठवीं की तीन छात्राओं को अचानक चक्कर आने लगे। उनकी हालत बिगड़ने पर स्कूल प्रबंधन ने तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। ये छात्राएं रावटी के नेताजी सुभाषचंद्र बोस बालिका छात्रावास में रहकर पढ़ाई करती हैं।
इससे एक दिन पहले गुरुवार को भी नौ छात्राओं ने चक्कर आने और घबराहट की शिकायत की थी। इनमें से चार को उपचार के लिए स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया था। बताया गया कि छात्रावास में बुधवार रात छात्राओं ने गोभी-आलू और टमाटर की सब्जी खाई थी। हालांकि, भोजन और छात्राओं की तबीयत बिगड़ने के बीच संबंध की अभी पुष्टि नहीं हुई है।
खाद्य सामग्री के सैंपल लिए
घटना की जानकारी मिलने पर बाजना और रावटी के तहसीलदार कुलभूषण शर्मा सहित शिक्षा विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे। तहसीलदार ने छात्राओं और उनके साथ पढ़ने वाली अन्य छात्राओं से बातचीत कर स्थिति की जानकारी ली।
प्रारंभिक जांच में फूड पाइजनिंग के स्पष्ट संकेत नहीं मिले हैं। इसके बावजूद छात्रावास में इस्तेमाल होने वाली खाद्य सामग्री की जांच की गई और सैंपल लिए गए हैं। अधिकारियों ने छात्राओं से लगातार संवाद कर उनकी स्थिति पर नजर रखने की बात कही है।
चिकित्सक बोले- छात्राओं की हालत ठीक
उपचार कर रहे चिकित्सकों के अनुसार, छात्राओं की हालत फिलहाल ठीक है। कुछ को घबराहट की शिकायत थी, जिसके बाद उनका उपचार किया गया। घटना के बाद विकासखंड शिक्षा अधिकारी भंवर लाल देवड़ा, बीआरसी उपेंद्र सिंह राठौर, जन शिक्षक धर्मेंद्र सिंह राठौर, कस्बा पटवारी रंजिता गोदा और शिक्षक संतोष राठौड़ व ब्रह्मपाल दोहरे भी अस्पताल पहुंचे।
दो दिनों में बीमार हुईं 12 छात्राएं
गुरुवार और शुक्रवार को तबीयत बिगड़ने वाली छात्राओं में अंशिका (12), मुस्कान, प्रियंका, अनुराधा, लक्ष्मी, आयुषी, दिव्या (15), सत्यबाला (8), बुलबुल (10), राधा (13), सूर्या और सोनू (14) शामिल हैं।
इनमें राधा, सूर्या और सोनू की तबीयत शुक्रवार को बिगड़ी, जबकि बाकी नौ छात्राएं गुरुवार को बीमार हुई थीं। फिलहाल सभी छात्राओं की स्थिति ठीक बताई जा रही है। छात्रावास में खाद्य सामग्री के सैंपल की जांच और छात्राओं की निगरानी के बाद ही बीमारी की वजह स्पष्ट हो सकेगी।
देश और दुनिया की ताजा खबरों के लिए Hindi News देखें। Live Cricket Score ,IPO Listings, Shiv Chalisa, राशिफल और दुर्गा चालीसा पर अन्य जानकारी पाएं।