रतलाम में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ पर अतिथि शिक्षक को पेड़ से बांधा, ग्रामीणों ने जमकर पीटा; VIDEO वायरल
रतलाम के ताल थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में ग्रामीणों ने एक अतिथि शिक्षक को पेड़ ...और पढ़ें
HighLights
मूलत: मुरैना जिले के शेरपुर गांव का रहने वाला है आरोपित शिक्षक।
नाबालिग छात्रा को बहाने से झोपड़ी में ले जाकर की छेड़छाड़।
पुलिस ने आरोपित शिक्षक व मारपीट करने वालों पर केस दर्ज किया।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। रतलाम के ताल थाना क्षेत्र में नाबालिग छात्रा से छेड़छाड़ के आरोप में ग्रामीणों ने एक अतिथि शिक्षक को पकड़कर पेड़ से बांध दिया और उसके साथ मारपीट की। घटना का वीडियो मंगलवार को सामने आने के बाद मामला चर्चा में है। वीडियो में कुछ लोग शिक्षक को पेड़ से बांधकर उसके साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं। घटना तीन अक्टूबर की बताई जा रही है।
ग्रामीणों के मुताबिक, अतिथि शिक्षक योगेंद्र जाटव ने नाबालिग छात्रा को किसी बहाने से बुलाया और उसे एक झोपड़ी में ले गया। आरोप है कि वहां उसने छात्रा के साथ छेड़छाड़ की। छात्रा के शोर मचाने पर उसके स्वजन मौके पर पहुंचे और शिक्षक को पकड़ लिया। इसके बाद वहां ग्रामीणों की भीड़ जमा हो गई और उन्होंने शिक्षक को पेड़ से बांधकर मारपीट शुरू कर दी। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शिक्षक को भीड़ से छुड़ाकर अपने कब्जे में लिया।
सरकारी स्कूल में अतिथि शिक्षक है योगेंद्र
पुलिस के अनुसार, 21 वर्षीय योगेंद्र जाटव मूल रूप से मुरैना जिले के शेरपुर गांव का रहने वाला है। वह फिलहाल रतलाम के खारवाकला में किराये के मकान में रह रहा था। योगेंद्र पिपल्या तुखार गांव के शासकीय प्राथमिक विद्यालय में अतिथि शिक्षक के रूप में कार्यरत था।
छात्रा के परिजन की शिकायत पर केस दर्ज
मामले में छात्रा के स्वजन की शिकायत के आधार पर पुलिस ने योगेंद्र जाटव के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और छात्रा से जुड़े घटनाक्रम की भी जानकारी जुटाई जा रही है। वहीं, दूसरी ओर अतिथि शिक्षक की शिकायत पर पुलिस ने उसके साथ मारपीट करने वाले लोगों के खिलाफ भी मामला दर्ज किया है।
यह भी पढ़ें- एक लाख करोड़ से बने दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस-वे में रतलाम के पास आई दरार, दो लेन बंद कर मरम्मत का कार्य शुरू
शिक्षक ने लगाया मारपीट का आरोप
अतिथि शिक्षक का कहना है कि तीन अक्टूबर को दोपहर करीब 1:30 बजे भोजनावकाश के दौरान वह अपनी परिचित एक लड़की से मिलने गया था। उसके मुताबिक, करीब 2:45 बजे खारवा क्षेत्र में एक कोठड़ी के पास दो लोगों ने उसे रोक लिया और उसके साथ मारपीट की।
शिक्षक ने मारपीट करने वाले लोगों की पहचान करने से इनकार किया है। पुलिस अब दोनों पक्षों की शिकायतों और उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर मामले की जांच कर रही है।
