विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

3 लाख में शादी, 2 दिन बाद रतलाम से गायब हुई दुल्हन; मंदसौर में ढाई लाख लेकर किसी दूसरे से ब्याह

Published: Thu, 17 Sep 2026 07:43 PM (IST)

रतलाम में शादी के दो दिन बाद दुल्हन 3 लाख रुपये लेकर गायब हो गई, जिसके बाद नामली पुलिस ने ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. रतलाम में दुल्हन शादी के दो दिन बाद गायब हुई।

  2. 3 लाख रुपये लेकर धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया गया।

  3. मंदसौर में दुल्हन ने ढाई लाख में दूसरी शादी की।

डिजिटल डेस्क, रतलाम। शादी के नाम पर तीन लाख रुपये लेने और दो दिन बाद पत्नी के गायब होने के मामले में नामली थाना पुलिस ने छह लोगों के विरुद्ध धोखाधड़ी का प्रकरण दर्ज किया है। पल्दुना निवासी दिनेश पुत्र शांतिलाल राठौड़ की शिकायत पर महाराष्ट्र की युवती सहित छह लोगों को आरोपित बनाया गया है। शिकायत के अनुसार युवती को मंदसौर ले जाकर ढाई लाख रुपये में दूसरी शादी कराने का आरोप है।

होटल में दिखाई युवती, तीन लाख में ब्याह तय

पुलिस के अनुसार, दिनेश का 11 अगस्त को पिपलौदा मामटखेड़ा निवासी दीपक साहू से संपर्क हुआ था। दीपक ने महाराष्ट्र की युवती से शादी कराने की बात कही। इसके बाद दिनेश अपने पिता शांतिलाल के साथ जावरा स्थित साईंराज होटल पहुंचा, जहां प्रणाली पुत्री महेंद्र जगताप को दिखाया गया। युवती पसंद आने पर उसकी मौसी सुवर्णा राजू वाडवे, पवन लक्ष्मण सोजोने और दीपाली संदीप कुसलकर की मौजूदगी में तीन लाख रुपये में शादी तय हुई।

यह भी पढ़ें- MP के सांवेर में जर्जर इमारत बनी काल: दीवार ढहने से 4 महिला श्रमिकों की मौत, 3 घायल

स्टांप पर लिखापढ़ी, मंदिर में सात फेरे

12 अगस्त को दिनेश अपने स्वजन के साथ जावरा न्यायालय पहुंचा। वहां वकील के माध्यम से एक हजार रुपये के स्टांप पर लिखापढ़ी की गई। इसके बाद साईंराज होटल में सुवर्णा को तीन लाख रुपये दिए गए। प्रणाली को साथ लेकर दिनेश अंगेठी माता मंदिर पहुंचा, जहां दोनों ने सात फेरे लिए। शादी के बाद दिनेश उसे अपने गांव पल्दुना ले गया। इस दौरान दिनेश के पिता ने प्रणाली को चांदी की पायल, बिछुड़िया और सोने के मोती वाला मंगलसूत्र भी दिया।

14 अगस्त को प्रणाली ने सामान लेने की बात कही तो वह उसे जावरा लेकर गया। सामान खरीदने के बाद प्रणाली ने पानी की बोतल लाने के लिए कहा। पीड़ित पानी लेने गया और वापस लौटा तो प्रणाली वहां नहीं मिली। आसपास तलाश करने के बाद भी उसका पता नहीं चला।

ढाई लाख रुपये लेकर दुल्हन की नई डील

13 सितंबर को जानकारी मिली कि प्रणाली मंदसौर के नई आबादी थाने में मिली है। वहां पहुंचने पर प्रणाली ने बताया कि जावरा से कमलेश गेहलोत उसे कार से मंदसौर ले गया और वहां एक युवक से ढाई लाख रुपये लेकर उसकी दूसरी शादी करवा दी।