इंदौर के सांवेर में जर्जर इमारत ढहने से तीन महिलाओं की मौत, चार घायल; बचाव कार्य जारी
इंदौर जिले के सांवेर में एक जर्जर इमारत को तोड़ने के दौरान उसकी दीवार गिरने से बड़ा हादसा हो गया। ...और पढ़ें

HighLights
जर्जर इमारत की दीवार गिरने से सांवेर में हादसा।
तीन महिला श्रमिकों की मौके पर ही मौत हुई।
चार अन्य गंभीर रूप से घायल, अस्पताल में भर्ती।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर जिले के सांवेर थाना क्षेत्र में बुधवार को जर्जर इमारत तोड़ने के दौरान बड़ा हादसा हो गया। टेंशन चौराहा स्थित पुरानी इमारत की दीवार अचानक महिला श्रमिकों पर जा गिरी, जिससे आठ श्रमिक मलबे के नीचे दब गए। हादसे में तीन महिलाओं की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हुई हैं। एक महिला के संबंध में स्थिति की पुष्टि की जा रही है।
दीवार गिरते ही मची अफरा-तफरी
घटना सांवेर नगर के बीचों-बीच होने के कारण मौके पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। सूचना मिलते ही पुलिस, प्रशासन और नगर परिषद का अमला मौके पर पहुंचा और राहत-बचाव कार्य शुरू किया।
मलबे के नीचे दबे श्रमिकों को निकालने के लिए तत्काल अभियान चलाया गया। बचाव दल ने कड़ी मशक्कत के बाद दबे लोगों को बाहर निकाला। गंभीर रूप से घायल महिलाओं को उपचार के लिए अरबिंदो अस्पताल रेफर किया गया है।
हादसे में ये हताहत
हादसे में सांवेर निवासी सुशीला पत्नी रमेश (50), रीना पत्नी लाखन (30) और सीमा पत्नी भेरूलाल (30) की मौत हो गई।
वहीं चंदा पत्नी राहुल (25), संतोष पत्नी मनोज (25), सुंदरबाई पत्नी मायाराम (55) और मंजू पत्नी सुनील (30) गंभीर रूप से घायल हुई हैं। सभी को उपचार के लिए अरबिंदो अस्पताल भेजा गया है।
यह भी पढ़ें- राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर कांग्रेस की तैयारी तेज, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले रोड शो का प्लान
मौके पर राहत-बचाव जारी
हादसे के बाद प्रशासन ने घटनास्थल की घेराबंदी कर राहत और बचाव कार्य शुरू किया। पुलिस और नगर परिषद की टीमें मौके पर मौजूद हैं। जर्जर इमारत को तोड़ने के दौरान सुरक्षा इंतजामों और हादसे की परिस्थितियों की भी जांच की जा रही है।
