विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

राहुल गांधी के इंदौर दौरे को लेकर कांग्रेस की तैयारी तेज, ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले रोड शो का प्लान

Published: Wed, 16 Sep 2026 03:51 PM (IST)

राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर ...और पढ़ें

राहुल गांधी। (फाइल फोटो)

राहुल गांधी। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम 19 सितंबर को इंदौर में।

  2. कांग्रेस एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक रोड शो की तैयारी में जुटी।

  3. कार्यक्रम में छात्रों को QR कोड से प्रवेश, गैर-राजनीतिक स्वरूप।

राज्य ब्यूरो, भोपाल। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के 19 सितंबर को इंदौर में प्रस्तावित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस ने तैयारियां तेज कर दी हैं। कार्यक्रम को गैर-राजनीतिक बताया जा रहा है। इसमें कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। ऐसे में पार्टी राहुल गांधी के स्वागत के लिए एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक रोड शो या जगह-जगह स्वागत कार्यक्रम कराने की तैयारी में जुटी है।

एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक स्वागत की तैयारी

प्रदेश कांग्रेस की योजना है कि राहुल गांधी के इंदौर पहुंचने के बाद एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल के बीच दो-तीन स्थानों पर कार्यकर्ताओं की मौजूदगी में स्वागत कार्यक्रम किए जाएं। रोड शो को लेकर राहुल गांधी की टीम से चर्चा के बाद अंतिम निर्णय लिया जा सकता है।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने कहा है कि राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह है और प्रदेशभर से बड़ी संख्या में कार्यकर्ता इंदौर पहुंच रहे हैं।

QR कोड से मिलेगा छात्रों को प्रवेश

‘छात्रों की गूंज’ में छात्रों और युवाओं के लिए QR कोड आधारित रजिस्ट्रेशन और प्रवेश व्यवस्था रखी गई है। कांग्रेस के मुताबिक कार्यक्रम का फोकस छात्रों और युवाओं से संवाद पर है। राहुल गांधी इससे पहले भी इस अभियान के तहत छात्रों से शिक्षा व्यवस्था और उनके सामने आने वाली समस्याओं पर सुझाव मांग चुके हैं।

कार्यक्रम में कांग्रेस कार्यकर्ताओं के प्रवेश से इंकार के बाद पार्टी ने राहुल गांधी से मुलाकात और स्वागत के लिए अलग व्यवस्था पर जोर दिया है।

भारत जोड़ो यात्रा की तर्ज पर तैयारी

कांग्रेस सूत्रों के मुताबिक राहुल गांधी के स्वागत की तैयारियां कुछ हद तक भारत जोड़ो यात्रा के दौरान अपनाई गई व्यवस्था की तर्ज पर की जा रही हैं। एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल के बीच अलग-अलग स्थानों पर कार्यकर्ताओं के स्वागत की योजना बनाई जा रही है। आयोजन स्थल की बैठक व्यवस्था इस तरह रखने की तैयारी है कि छात्रों और आमंत्रित लोगों को असुविधा न हो।

यह भी पढ़ें- 'आपकी सामूहिक आवाज...', राहुल गांधी का 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के लिए युवाओं को न्यौता; इंदौर में 19 को होगी होगी सीधी बातचीत

19 सितंबर को इंदौर में होगा आयोजन

राहुल गांधी का इंदौर कार्यक्रम पहले 12 सितंबर को प्रस्तावित था, लेकिन बाद में इसकी तारीख बदलकर 19 सितंबर की गई। आयोजन के लिए कांग्रेस ने रीजनल पार्क के सामने मैदान भी लिया है।

कांग्रेस इसे छात्रों और युवाओं से संवाद का कार्यक्रम बता रही है, जबकि कार्यक्रम को लेकर प्रदेश की राजनीति में भी गतिविधियां तेज हैं।