रतलाम में नकली घी के कारोबार का भंडाफोड़, 1610 लीटर माल जब्त, यूपी से लाकर बाजार में खपाया जा रहा था
रतलाम के नयागांव में प्रशासन और खाद्य विभाग ने 1610 लीटर नकली घी जब्त किया। यह घी यूपी से लाकर ...और पढ़ें

मौके पर कार्रवाई करती खाद्य विभाग की टीम।

समय कम है?
जानिए मुख्य बातें और खबर का सार एक नजर में
डिजिटल डेस्क, इंदौर। रतलाम के नयागांव टैंकर रोड स्थित ग्लोबस सिटी कॉलोनी में शुक्रवार दोपहर प्रशासन और खाद्य विभाग की संयुक्त टीम ने नकली घी की बड़ी खेप पकड़ी। एक मकान में गोदाम बनाकर रखे गए 1610 लीटर घी को जब्त कर उसी परिसर के एक कमरे में सील कर दिया गया। आशंका है कि यह घी उत्तर प्रदेश से मंगाकर रतलाम में ‘देशी घी’ के नाम पर बेचा जा रहा था।
उपभोक्ता शिकायत के आधार पर नायब तहसीलदार रामचंद्र पांडेय और जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी शैलेष गुप्ता की अगुआई में दोपहर करीब तीन बजे दबिश दी गई। तलाशी के दौरान यूपी फ्रेश क्वालिटी और मदर बेस्ट काउ घी ब्रांड नाम से पैक घी के बड़े डिब्बों के साथ 200 ग्राम, 400 ग्राम और अन्य वजन के पैकेट मिले।
महाकाल ट्रेडर्स के नाम से सप्लाई
जांच में सामने आया कि यह घी महाकाल ट्रेडर्स के माध्यम से शहर की अलग-अलग किराना दुकानों तक पहुंचाया जा रहा था। टीम ने ट्रेडर्स से जुड़े विक्रांत त्यागी से पूछताछ की। उसने बताया कि वह घी मुजफ्फरपुर से ट्रांसपोर्ट के जरिए मंगवाता है, जिसे करीब 310 रुपये प्रति लीटर की दर से खरीदकर 5–10 रुपये मार्जिन पर रिटेल दुकानों को बेचता है।

अधिकारियों के अनुसार इतनी कम कीमत पर ‘देशी घी’ की बिक्री संदेहास्पद है। पैकेटों पर देशी घी लिखा था, जबकि बाजार मूल्य की तुलना में दरें काफी कम पाई गईं। गोदाम में घी के साथ मसाले, डिटर्जेंट और अन्य पर्चून सामग्री भी रखी मिली, जिससे मिलावट और अवैध भंडारण की आशंका और गहराई।
यह भी पढ़ें- उज्जैन के सेवाधाम आश्रम में 17 बच्चों की मौत पर हाईकोर्ट सख्त, मुख्य सचिव सहित अन्य को नोटिस जारी कर मांगा जवाब
नौ सैंपल लिए, भोपाल भेजी जाएगी जांच
कार्रवाई के दौरान कुल 09 सैंपल लेकर जांच के लिए राज्य खाद्य परीक्षण शाला भेजे जा रहे हैं। रिपोर्ट आने के बाद आगे की वैधानिक कार्रवाई होगी। पैकेटों पर मुजफ्फरपुर स्थित सिद्धी ट्रेडर्स और मां वैष्णोदेवी फूड प्रोडक्ट फर्मों के नाम दर्ज पाए गए। एक डिब्बे पर एमआरपी 480 रुपये और दूसरे पर 760 रुपये अंकित है, जबकि पैकेजिंग में किसी अन्य ब्रांड की नकल की आशंका भी जताई गई है।
उपभोक्ता द्वारा सस्ता घी बेचे जाने की शिकायत प्राप्त हुई थी, जो जांच में सही पाई गई। शंका के आधार पर यूपी फ्रेश एवं मदर बेस्ट ब्रांड के घी के सैंपल लिए गए हैं। रिपोर्ट आने तक संपूर्ण घी जब्ती में रखा गया है।
- शैलेष गुप्ता, जिला खाद्य एवं सुरक्षा अधिकारी
