विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

इंदौर से जोधपुर जा रही रणथंभौर एक्सप्रेस में धुआं निकलने से हड़कंप, इमरजेंसी ब्रेक लगाकर बचाई गई यात्रियों की जान

Published: Thu, 18 Jun 2026 03:13 PM (IST)

रतलाम के पास रणथंभौर एक्सप्रेस के जनरल कोच से धुआं निकलने के बाद ट्रेन रोकी गई, जिससे यात्रियों में हड़कंप ...और पढ़ें

HighLights

  1. रणथंभौर एक्सप्रेस के जनरल कोच से निकला धुआं।

  2. रेलवे कर्मियों ने इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन रोकी।

  3. यात्रियों को सुरक्षित उतारकर आग पर पाया काबू।

डिजिटल डेस्क, रतलाम। इंदौर से जोधपुर जा रही 12465 रणथंभौर एक्सप्रेस गुरुवार सुबह एक संभावित बड़े हादसे का शिकार होने से बाल-बाल बच गई। आलोट स्टेशन से पहले लूनी रिछा के समीप ट्रेन के जनरल कोच के पहिए के पास से अचानक धुआं निकलता दिखाई दिया, जिसके बाद रेलवे कर्मियों ने तत्काल सतर्कता दिखाते हुए इमरजेंसी ब्रेक लगाकर ट्रेन को रोक दिया।

यात्रियों में मची अफरा-तफरी

घटना सुबह करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। कोच से धुआं उठता देख यात्रियों में अफरा-तफरी मच गई। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए रेलवे अधिकारियों ने सभी यात्रियों को सुरक्षित ट्रेन से नीचे उतार लिया। महिलाओं, बच्चों और बुजुर्ग यात्रियों को प्राथमिकता के आधार पर सुरक्षित स्थान पर पहुंचाया गया।

रेलकर्मियों ने पाया आग पर काबू

रेलवे कर्मचारियों ने तुरंत मोर्चा संभालते हुए अग्निशमन यंत्रों की मदद से पहिए के पास लगी आग पर काबू पा लिया। एहतियात के तौर पर यात्रियों को ट्रैक से दूर दूसरी ओर खड़ा किया गया, जबकि तकनीकी टीम ने कोच और पहियों की जांच की।

रेल यातायात प्रभावित

घटना के चलते अप लाइन पर रेल यातायात कुछ समय के लिए प्रभावित रहा। अवध एक्सप्रेस सहित कई ट्रेनों को रास्ते में रोकना पड़ा, जिससे परिचालन प्रभावित हुआ। हालांकि समय रहते आग पर नियंत्रण पा लेने से कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ और न ही किसी यात्री के घायल होने की सूचना है।

यह भी पढ़ें- इंदौर: सेवानिवृत्त लांस नायक ने लूटे 29.65 लाख, सांवरिया सेठ मंदिर में किया 1,11,000 रुपये का दान

सुरक्षा जांच पूरी होने के बाद रणथंभौर एक्सप्रेस को पुनः जोधपुर के लिए रवाना कर दिया गया। रेलवे अधिकारियों के अनुसार मामले की तकनीकी जांच की जा रही है, ताकि आग लगने के कारणों का पता लगाया जा सके।