विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

'पोहा खिलाओगे या जलेबी?' राहुल गांधी का इंदौर कनेक्शन चर्चा में; 'छात्रों की गूंज' में डेढ़ घंटे करेंगे युवाओं से संवाद

Published: Sat, 19 Sep 2026 01:28 AM (IST)

कांग्रेस नेता राहुल गांधी इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में युवाओं से शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े ...और पढ़ें

राहुल गांधी (फाइल फोटो)

राहुल गांधी (फाइल फोटो)

HighLights

  1. राहुल गांधी इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में युवाओं से संवाद।

  2. शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षा धांधली जैसे मुद्दों पर चर्चा।

  3. पोहा-जलेबी पोस्ट से 56 दुकान की संभावना, 50 हजार के लिए लंगर।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। कांग्रेस नेता राहुल गांधी शनिवार को इंदौर में आयोजित 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में युवाओं से सीधे संवाद करेंगे। करीब एक से डेढ़ घंटे तक चलने वाले इस कार्यक्रम में शिक्षा, रोजगार और प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े मुद्दे चर्चा के केंद्र में रह सकते हैं। पुलिस आरक्षक भर्ती परीक्षा में धांधली से लेकर नर्सिंग घोटाले और ओबीसी आरक्षण के कारण अटकी सीटों तक के मुद्दों पर युवाओं की आवाज राहुल गांधी के सामने गूंज सकती है।

इसके अलावा नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) में मध्य प्रदेश से जुड़ी राजनीतिक प्रभाव वाली नियुक्तियों का मुद्दा भी उठने की संभावना है। कार्यक्रम के मुख्य मंच पर राहुल गांधी के साथ चुनिंदा युवा मौजूद रहेंगे। कांग्रेस नेताओं को मंच से दूरी बनाए रखने के निर्देश दिए गए हैं।

भंवरकुआं में रुक सकता है राहुल का काफिला

राहुल गांधी के कार्यक्रम को लेकर प्रशासन और कांग्रेस के बीच रूट को लेकर काफी मशक्कत हुई। अंततः होटल से आयोजन स्थल तक पहुंचने के लिए एबी रोड-भंवरकुआं मार्ग तय किया गया है। संभावना है कि भंवरकुआं क्षेत्र में राहुल गांधी का काफिला कुछ देर रुककर छात्रों के बीच भी जा सकता है।

कार्यक्रम में करीब 40 हजार युवाओं के पहुंचने की व्यवस्था की गई है। आयोजन का स्वरूप रॉक कंसर्ट जैसा रखा गया है, जिसमें युवा खड़े रहकर कार्यक्रम देखेंगे। मुख्य मंच के बाईं ओर युवाओं के बीच एक अलग मंच बनाया गया है, जहां प्रदेश के चुनिंदा कांग्रेस नेताओं के बैठने की व्यवस्था रहेगी।

पोहा खिलाओगे या जलेबी?

इंदौर पहुंचने से पहले राहुल गांधी ने इंस्टाग्राम पर पोस्ट कर इंदौर वालो, क्या खिलाओगे पोहा या जलेबी? इसके बाद माना जा रहा है कि वह इंदौर की चर्चित 56 दुकान भी जा सकते हैं।

दिलचस्प बात यह है कि आयोजन स्थल पर कांग्रेस के झंडे नजर नहीं आएंगे। पार्टी की ओर से कार्यक्रम को राजनीतिक सभा के बजाय युवाओं के संवाद कार्यक्रम के रूप में प्रस्तुत करने पर जोर दिया जा रहा है।

जीतू पटवारी के पोस्टर से सियासी संदेश

राहुल गांधी के कार्यक्रम से पहले प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी ने एक पोस्टर जारी किया है। इसमें लिखा गया है कि आरएसएस-भाजपा अशिक्षा और बेरोजगारी बढ़ाने के एक्सपेरिमेंट कर रहे हैं और मप्र इनकी लैबोरेटरी है। पोस्टर को लेकर प्रदेश की राजनीति में भी चर्चा तेज हो गई है।

राहुल गांधी के कार्यक्रम से एक दिन पहले शुक्रवार को कांग्रेस के प्रदेश और स्थानीय नेताओं के साथ दिल्ली से आई टीम भी इंदौर पहुंच गई। राज्यसभा सांसद पवन खेड़ा ने इंदौर में कहा कि कांग्रेस ने 'छात्रों की गूंज' के लिए आरएसएस के पदाधिकारियों को भी आमंत्रित किया है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया कि सरकार का ध्यान वास्तविक मुद्दों के बजाय इवेंट मैनेजमेंट पर अधिक है।

यह भी पढ़ें- इंदौर में राहुल गांधी का ‘छात्रों की गूंज’ शनिवार को, कड़ी शर्तों के बीच होगा कार्यक्रम; मैदान से अनुमति तक विवाद

युवाओं के बीच चला पंजीयन और प्रचार अभियान

कार्यक्रम से पहले शुक्रवार को भी इंदौर में युवाओं के बीच पंजीयन और प्रचार का सिलसिला जारी रहा। युवा कांग्रेस नेताओं महक नागर, सरफराज अंसारी और अमित चौरसिया ने गांधी हाल में युवाओं की गूंज कार्यक्रम आयोजित किया। यहां युवाओं ने शिक्षा और राहुल गांधी से जुड़े विषयों पर पेंटिंग बनाई। गीत-संगीत और कविता प्रतियोगिताओं के जरिए भी छात्रों को मुख्य कार्यक्रम के लिए जोड़ा गया।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी, जिला अध्यक्ष विपिन वानखेड़े और शहर अध्यक्ष चिंटू चौकसे समेत अन्य नेता भी युवाओं से संपर्क करते नजर आए।

50 हजार लोगों के लिए लंगर की तैयारी

'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम स्थल के पास सिख समाज की ओर से लंगर की व्यवस्था की जा रही है। आयोजकों के अनुसार करीब 50 हजार लोगों के लिए भोजन की तैयारी की गई है।

इधर, राहुल गांधी के एयरपोर्ट से होटल तक पहुंचने के दौरान कांग्रेस के नेता विधानसभा क्षेत्रवार अलग-अलग चौराहों पर स्वागत मंच लगाएंगे। एयरपोर्ट पर भी राहुल गांधी से पार्टी के चुनिंदा नेताओं की मुलाकात कराई जाएगी। नेताओं को स्पष्ट निर्देश दिए गए हैं कि मुलाकात के लिए किसी तरह की जिद या दबाव न बनाया जाए।