विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

छात्रों की गूंज’ में गूंजेंगे युवाओं के सवाल, 12 सितंबर को इंदौर आएंगे राहुल गांधी; जेन-जी से करेंगे सीधा संवाद

Published: Sat, 29 Aug 2026 11:16 PM (IST)

राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम के तहत युवाओं और जेन-जी से सीधा संवाद करेंगे। ...और पढ़ें

राहुल गांधी। (फाइल फोटो)

राहुल गांधी। (फाइल फोटो)

HighLights

  1. राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर में युवाओं से मिलेंगे।

  2. 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में जेन-जी से सीधा संवाद करेंगे।

  3. शिक्षा, रोजगार पर चर्चा, युवाओं के सवालों के जवाब देंगे।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी 12 सितंबर को इंदौर पहुंचेंगे। यहां वे ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम के जरिए युवाओं और खासकर जेन-जी से सीधे संवाद करेंगे। कार्यक्रम में युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा के साथ राहुल गांधी उनके सवालों के जवाब भी देंगे।

इंदौर में होने वाला यह आयोजन कोटा, प्रयागराज, पुणे और देहरादून में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रमों की तर्ज पर होगा। आयोजन की शुरुआत कंसर्ट से होगी। इसके बाद राहुल गांधी युवाओं की शिक्षा, रोजगार और उनसे जुड़े अन्य महत्वपूर्ण मुद्दों पर प्रेजेंटेशन देंगे। कार्यक्रम का सबसे अहम हिस्सा राहुल गांधी और युवाओं के बीच सीधा सवाल-जवाब होगा।

कांग्रेस नेताओं की तैयारियों पर चर्चा

प्रस्तावित कार्यक्रम की तैयारियों को लेकर शनिवार को मध्य प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जीतू पटवारी के बिजलपुर स्थित आवास पर कांग्रेस नेताओं की बैठक हुई। कार्यक्रम की रूपरेखा तय करने के लिए राहुल गांधी के सहायक केवी बैजू दिल्ली से इंदौर पहुंचे थे। उन्होंने स्थानीय नेताओं को आयोजन की पूरी जानकारी दी और कार्यक्रम को प्रभावी बनाने के लिए सुझाव भी लिए।

बैठक में जिला कांग्रेस अध्यक्ष विपिन वानखेड़े, शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे, वरिष्ठ नेता सत्यनारायण पटेल और शोभा ओझा समेत इंदौर के विधानसभा प्रभारी मौजूद रहे।

यहां हो सकता है कार्यक्रम

बैठक में कार्यक्रम स्थल भंवरकुआं क्षेत्र के आसपास रखने पर सहमति बनी है। इसके पीछे प्रमुख वजह यह है कि इस इलाके में बड़ी संख्या में कॉलेज और शैक्षणिक संस्थान हैं, जिससे विद्यार्थियों के लिए कार्यक्रम स्थल तक पहुंचना आसान रहेगा।

यह भी पढ़ें- मारपीट का बदला लेने की सनक में युवक बना कातिल: इंदौर में चौकीदार को कार से रौंदा और प्रेमिका संग उज्जैन भागा, मामा की समझाइश पर सरेंडर

बड़े गायक या म्यूजिकल ग्रुप की प्रस्तुति की तैयारी

‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम को युवाओं के लिए आकर्षक बनाने के लिए कंसर्ट का भी आयोजन किया जाएगा। सूत्रों के मुताबिक इसमें किसी बड़े गायक या म्यूजिकल ग्रुप को प्रस्तुति के लिए बुलाया जा सकता है। कलाकार का नाम दिल्ली स्तर से तय होने की संभावना है।

इधर, कार्यक्रम की तैयारियों के लिए शहर कांग्रेस अध्यक्ष चिंटू चौकसे ने नगर निगम आयुक्त को पत्र लिखकर नेहरू स्टेडियम को चार दिनों के लिए आरक्षित करने की मांग की है। कार्यक्रम स्थल और अन्य व्यवस्थाओं को लेकर आने वाले दिनों में तस्वीर और साफ होने की उम्मीद है।