मारपीट का बदला लेने की सनक में युवक बना कातिल: इंदौर में चौकीदार को कार से रौंदा और प्रेमिका संग उज्जैन भागा, मामा की समझाइश पर सरेंडर
इंदौर में प्रेमिका के सामने हुई मारपीट का बदला लेने के लिए एक युवक ने चौकीदार को कार से कुचलकर ...और पढ़ें

चौकीदार धर्मेद्र मालवीय का जीवित अवस्था का फोटो, आरोपित राजा उफ कमल कुमावत और सेजल उर्फ शालिनी।
HighLights
चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय को कार से कुचलकर हत्या।
प्रेमिका के सामने हुई मारपीट का बदला लेने की वारदात।
आरोपित राजा और प्रेमिका सेजल ने किया आत्मसमर्पण।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। प्रेमिका के सामने हुई मारपीट का बदला लेने के लिए एक युवक ने ऐसा खौफनाक कदम उठाया कि इंदौर के लॉ-एक्जोटिका बायपास पर चौकीदार की जान चली गई। चौकीदार धर्मेंद्र मालवीय को कार से कुचलने के मामले में आरोपित राजा उर्फ कमल कुमावत और उसकी प्रेमिका सेजल उर्फ शालिनी ने पुलिस के सामने वारदात कबूल कर ली है। पुलिस पूछताछ में सामने आया कि मारपीट से गुस्साए राजा ने तेज रफ्तार कार से धर्मेंद्र समेत तीन लोगों को टक्कर मारी और धर्मेंद्र के ऊपर कार का पहिया दो बार चढ़ा दिया।
घटना के बाद राजा और सेजल मोबाइल बंद कर उज्जैन भाग गए थे। वहां राजा ने अपने मामा को पूरी घटना बताई। मामा की समझाइश के बाद दोनों ने पुलिस के सामने आत्मसमर्पण करने का फैसला किया और गुरुवार देर रात खुद थाने पहुंच गए। पुलिस ने वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली है।
कॉलोनी में जाने को लेकर हुआ था विवाद
घटना मंगलवार रात लॉ-एक्जोटिका बायपास स्थित निर्माणाधीन कॉलोनी में हुई थी। 35 वर्षीय धर्मेंद्र पुत्र रामप्रसाद मालवीय यहां चौकीदारी करता था। पुलिस के मुताबिक, राजा कुमावत मांगलिया एवेन्यू निवासी सेजल के साथ कार से घूम रहा था। दोनों निर्माणाधीन कॉलोनी में पहुंचे, जहां राजा ने अंदर जाने की जिद की।
इसी बात को लेकर धर्मेंद्र से उसका विवाद हो गया। आवाज सुनकर धर्मेंद्र की पत्नी ज्योति और भांजा गोविंद भी झोपड़ी से बाहर आ गए। राजा ने खुद को प्रापर्टी ब्रोकर बताते हुए कॉलोनाइजर विवेक उर्फ बिन्नी चुग को जानने की बात कही। उसने फोन पर उनसे बात भी करवाई। इसके बाद राजा ने कॉलोनी के सुपरवाइजर पवन परमार से भी बातचीत की।
विवाद बढ़ा तो हुई मारपीट
एसीपी पराग सैनी के अनुसार, सुपरवाइजर पवन ने धर्मेंद्र और राजा के बीच हुई हुज्जत की बात सुनी तो पुलिस बुलाने की सलाह दी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया और दोनों पक्षों में मारपीट हो गई।
राजा के साथ उसकी प्रेमिका सेजल भी मौजूद थी। पुलिस के मुताबिक, सेजल के सामने मारपीट होने से राजा बुरी तरह नाराज हो गया। वह कार लेकर वहां से चला गया। हालांकि, कुछ ही देर बाद वह कार पलटाकर दोबारा मौके पर पहुंचा।
तेज रफ्तार कार से तीनों को मारी टक्कर
गुस्से में लौटे राजा ने कार तेज रफ्तार में दौड़ाई और धर्मेंद्र, ज्योति तथा गोविंद को टक्कर मार दी। ज्योति और गोविंद को मामूली चोटें आईं, लेकिन धर्मेंद्र कार की चपेट में आ गया। आरोप है कि राजा ने धर्मेंद्र के ऊपर कार का पहिया दो बार चढ़ाया। गंभीर चोटों के कारण धर्मेंद्र की मौके पर ही मौत हो गई।
वारदात के बाद राजा और सेजल वहां से फरार हो गए और उज्जैन पहुंचकर अपने मोबाइल फोन बंद कर लिए। देर रात राजा ने अपने मामा को घटना की जानकारी दी। मामा ने उसे समझाया और पुलिस के सामने सरेंडर करने की सलाह दी।
इसके बाद दोनों गुरुवार देर रात खुद थाने पहुंचे और पुलिस के सामने आत्मसमर्पण कर दिया। पुलिस ने दोनों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। वारदात में इस्तेमाल कार भी जब्त कर ली गई है।
