इंदौर में राहुल गांधी का यूथ कनेक्ट, ‘छात्रों की गूंज’ में उमड़ा युवाओं का हुजूम; राघव चैतन्य ने दमदार प्रस्तुति से बांधा समां
कांग्रेस नेता राहुल गांधी इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में Gen-Z युवाओं से संवाद करेंगे। इस गैर-राजनीतिक आयोजन में ...और पढ़ें

कार्यक्रम के मंच पर प्रस्तुति देते राघव चैतन्य (फोटो- जागरण)
HighLights
राहुल गांधी इंदौर में 'छात्रों की गूंज' कार्यक्रम में शामिल होंगे।
Gen-Z युवाओं से शिक्षा, रोजगार, पेपर लीक पर संवाद।
गैर-राजनीतिक मंच पर राहुल गांधी अकेले करेंगे चर्चा।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। कांग्रेस नेता और लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी शनिवार दोपहर इंदौर पहुंच गए। वे रीजनल पार्क के सामने मैदान में आयोजित ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में युवाओं, खासकर Gen-Z से रूबरू होंगे। कार्यक्रम स्थल पर बड़ी संख्या में युवा पहुंच चुके हैं। दोपहर 3:30 बजे से प्रवेश शुरू कर दिया गया था और अब युवाओं को राहुल गांधी के पहुंचने का इंतजार है।
मैदान में कार्यक्रम का थीम सॉन्ग लगातार बजाया जा रहा है। युवाओं में कार्यक्रम को लेकर खासा उत्साह नजर आ रहा है। राहुल गांधी अपने संवाद के दौरान शिक्षा, रोजगार, प्रतियोगी परीक्षाओं और पेपर लीक जैसे युवाओं से जुड़े मुद्दों पर चर्चा करेंगे।
कार्यक्रम में 35 वर्ष तक के युवा शामिल
कार्यक्रम में युवाओं की भागीदारी के लिए कांग्रेस ने 35 वर्ष तक की आयु सीमा तय की है। आयोजन को खासतौर पर Gen-Z को ध्यान में रखकर तैयार किया गया है। कार्यक्रम में बॉलीवुड गायक राघव चैतन्य, डांस ग्रुप विकास अनबिटेबल ने दमदार प्रस्तुति देते हुए युवाओं का खूब मनोरंजन किया।

रंगारंग कार्यक्रम से मचाया धमाल
मंच पर पहले अमेरिका गॉट टैलेंट के विकास अनबिटेबल ड्रीम टीम ने परफार्मेंस दिया। उनकी शानदार प्रस्तुति देख दर्शक वाह-वाह कर उठे। इसके बाद राघव चैतन्य मंच पर आए और उन्होंने मैंने तेरा नाम रख दिया एवं मासूका जैसे गाने पेश करते हुए युवाओं को अपने साथ झूमने पर मजबूर कर दिया।

मंच पर सिर्फ राहुल गांधी होंगे
‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम की एक खास बात इसका गैर राजनीतिक स्वरूप रखा जाना है। कार्यक्रम स्थल पर कांग्रेस के झंडे और चुनाव चिह्न का इस्तेमाल नहीं किया गया है। मंच पर राहुल गांधी अकेले रहेंगे और सीधे युवाओं से संवाद करेंगे। कांग्रेस के अन्य नेताओं को मंच साझा नहीं कराया जाएगा।
चार राज्यों के शहरों में हो चुके कार्यक्रम
‘छात्रों की गूंज’ अभियान के तहत इससे पहले राजस्थान के कोटा, उत्तर प्रदेश के प्रयागराज, उत्तराखंड के देहरादून और महाराष्ट्र के पुणे में कार्यक्रम आयोजित किए जा चुके हैं। एमपी के इंदौर में राहुल गांधी रात 8:15 बजे तक कार्यक्रम में मौजूद रहेंगे। इसके बाद शनिवार रात ही उनका दिल्ली लौटने का कार्यक्रम है।
