यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 27, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।
Smart City Conclave: इंदौर पहुंचीं राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु, कई शहरों को करेंगी सम्मानित
Smart Cities Conclave 2023 राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु आज कई शहरों को सम्मानित करने वाली हैं। इसके लिए वो मध्य प्रदेश ...और पढ़ें

इंदौर, ऑनलाइन डेस्क। राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मु मध्य प्रदेश के इंदौर में हैं। राष्ट्रपति ब्रिलियंट कन्वेंशन सेंटर (बीसीसी) में चल रहे दो दिवसीय स्मार्ट सिटी कॉन्क्लेव में शामिल होने आई हैं। मुर्मु इंडिया स्मार्ट सिटीज अवार्ड प्रतियोगिता-2022 के विजेताओं को सम्मानित करने वाली हैं। प्रतियोगिता में विभिन्न श्रेणियों में 61 पुरस्कार दिए जा रहे हैं। इंदौर चार श्रेणियों में पहले पुरस्कार सहित सात पुरस्कारों से सम्मानित होगा। इन पुरस्कारों को महापौर पुष्यमित्र भार्गव, इंदौर स्मार्ट सिटी सीइओ दिव्यांक सिंह प्राप्त करेंगे।
केंद्रीय मंत्री ने किया शुभारंभ
बता दें कि केंद्रीय राज्यमंत्री कौशल किशोर ने आयोजन का शुभारंभ किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि इंदौर ने स्मार्ट सिटी मिशन के तहत अच्छा काम किया है। चुनौतियों को स्वीकारते हुए एक शहर कैसे आगे बढ़ता है, इंदौर इसका अच्छा उदाहरण है।
नवाचारों की प्रदर्शनी, दो हजार से ज्यादा अतिथि
इस कॉन्क्लेव में नवाचारों को प्रदर्शनी के माध्यम से प्रदर्शित किया जा रहा है। इंदौर स्मार्ट सिटी ने भी अपने काम को आकर्षक तरीके से प्रस्तुत किया है। इस कॉन्क्लेव में दो हजार से ज्यादा अतिथि शामिल हो रहे हैं। इनमें देश के 50 शहरों के महापौर, 64 स्मार्ट सिटी सीईओ शामिल हैं। देशभर से नगरीय निकायों के पदाधिकारी भी इसमें शामिल होंगे।
राज्यपाल और मुख्यमंत्री भी रहेंगे मौजूद
इस कार्यक्रम में राज्यपाल मंगुभाई पटेल, केंद्रीय आवास एवं शहरी कार्य मंत्री हरदीप सिंह पुरी, मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के अलावा कई मंत्री भी शामिल होंगे।
