नीमच में पटाखा जलाने के विवाद में भाजपा नेता के पुत्र की हत्या, दो युवक गंभीर रूप से घायल
नीमच में दीपावली की रात पटाखे जलाने को लेकर हुए विवाद में भाजपा नेता मनीष चौरसिया के बेटे ईशान की ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
डिजिटल डेस्क, नीमच। प्रदेश के नीमच में दीपावली की रात पटाखे जलाने को लेकर दो गुटों में विवाद हो गया। आपसी कहासुनी खूनी संघर्ष में बदल गई। इस दौरान स्थानीय भाजपा नेता मनीष चौरसिया के बेटे ईशान की गंभीर चोट लगने से मौत हो गई। जबकि दो युवक गंभीर रूप से घायल हो गए। घटना भरभड़िया चौराहे के पास स्थित हाईवे 24×7 होटल-कैफे की है।
50 से ज्यादा युवक भिड़े
बताते हैं कि दोनों गुटों के 50 से ज्यादा युवक आमने-सामने आए और जमकर मारपीट हुई। आरोप है कि इस दौरान एक युवक को कार से कुचलने की कोशिश भी की गई। पुलिस ने इस मामले में चार आरोपियों को हिरासत में लिया है। बताया जा रहा है कि निहाल और रुद्राक्ष के बीच पहले विवाद हुआ था। इसके बाद ईशान और मेग जैन दोनों के बीच समझौता कराने के लिए मौके पर पहुंचे थे।
यह भी पढ़ें- जबलपुर में एक ही भवन में स्कूल व शराब दुकान! हाई कोर्ट में सरकार बोली- प्राथमिक विद्यालय पर 100 मीटर का नियम नहीं
इसी दौरान पटाखा जलाने पर दोनों पक्षों में कहासुनी संघर्ष में बदल गई। मारपीट में निहाल, रवि व मेग जैन घायल हुए हैं। इनमें निहाल शर्मा और रुद्राक्ष की हालत गंभीर है। दोनों को उदयपुर रेफर किया गया है।
विधायक समेत कई नेता पहुंचे अस्पताल
ईशान की मौत की खबर मिलते ही जिला अस्पताल में स्वजन और समर्थकों की भीड़ जमा हो गई। विधायक दिलीप सिंह परिहार और भाजपा नेता महेंद्र भटनागर समेत कई जनप्रतिनिधि अस्पताल पहुंचे। एडिशनल एसपी हेमलता अग्रवाल ने बताया कि पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है। ईशान के पिता और भाजपा नेता मनीष चौरसिया पूर्व जिला मंत्री और पूर्व मंडल अध्यक्ष रह चुके हैं।