विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

नीमच में भाजपा जिला मंत्री और पांच साथियों पर हमला, जमीन विवाद में चले लाठी-पत्थर; फायरिंग भी की

Published: Fri, 16 Oct 2026 11:13 PM (IST)

नीमच जिले में भाजपा जिला मंत्री रोशन वर्मा और उनके पांच साथियों पर जमीन विवाद को लेकर हमला किया गया। ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।

-प्रतीकात्मक चित्र।

HighLights

  1. नीमच के ग्राम हिंगोरिया में हुई वारदात।

  2. मीन देखने गए भाजपा नेता पर हुआ हमला।

  3. छह लोग घायल, पुलिस जांच में जुटी।

डिजिटल डेस्क, नीमच। मध्य प्रदेश के नीमच जिले में जमीन देखने पहुंचे भाजपा जिला मंत्री रोशन वर्मा और उनके साथियों पर हमला किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि 12 से 15 लोगों ने लाठी और पत्थरों से हमला कर दिया। इस घटना में रोशन वर्मा समेत छह लोग घायल हुए हैं।

विवाद के दौरान एक हमलावर द्वारा फायरिंग किए जाने का आरोप भी लगाया गया है। पुलिस ने चार नामजद आरोपितों और उनके कुछ अज्ञात साथियों के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जमीन देखने पहुंचे थे भाजपा जिला मंत्री

पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, घटना शुक्रवार दोपहर करीब तीन से साढ़े तीन बजे के बीच महू-नीमच रोड पर ग्राम हिंगोरिया की है। भाजपा जिला मंत्री रोशन वर्मा अपने साथियों के साथ कृषि भूमि देखने पहुंचे थे। बताया गया कि कान्ह सिंह ने उन्हें फोन कर वहां बुलाया था और जमीन राजू नामक व्यक्ति की बताई गई थी।

इसी दौरान 12 से 15 लोग मौके पर पहुंच गए। उन्होंने वर्मा और उनके साथियों से वहां से जाने को कहा। वर्मा ने जमीन देखने आने की बात कही तो दोनों पक्षों के बीच कहासुनी शुरू हो गई।

लाठी-पत्थरों से हमला, छह लोग घायल

आरोप है कि जमीन पर अपना अधिकार जताते हुए दूसरे पक्ष के लोगों ने रोशन वर्मा और उनके साथियों पर लाठी व पत्थरों से हमला कर दिया। इस दौरान सफेद रंग की कार से आए एक व्यक्ति पर फायरिंग करने का भी आरोप है। मारपीट में भाजपा जिला मंत्री रोशन वर्मा समेत छह लोगों को चोटें आईं। घटना के बाद वर्मा ने बघाना थाने पहुंचकर शिकायत दर्ज कराई।

यह भी पढ़ें- इंदौर के 'करोड़पति' हेड कॉन्स्टेबल की संपत्तियों में नया खुलासा, महिला मित्र के नाम करोड़ों की जमीन; 22 बैंक खाते लोकायुक्त के रडार पर

चार नामजद आरोपितों के खिलाफ केस दर्ज

शिकायत के आधार पर बघाना थाना पुलिस ने चार नामजद आरोपितों और उनके कुछ अज्ञात साथियों के खिलाफ प्रकरण दर्ज किया है। पुलिस फायरिंग के आरोप की भी जांच कर रही है। जमीन को लेकर हुए विवाद की परिस्थितियों और घटना में शामिल लोगों की भूमिका का पता लगाया जा रहा है।