'5 बच्चे पैदा करें हिंदू...'; बड़वानी में भाजपा सांसद गजेंद्र पटेल ने दिया 'हम दो, हमारे पांच' का नारा
सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने बड़वानी में हिंदुओं से जनसंख्या संतुलन के लिए 'हम दो, हमारे पांच' का नारा देते ...और पढ़ें

बड़वानी में बैठक के दौरान लोगों को संबोधित करते सांसद गजेंद्र सिंह शेखावत।
HighLights
सांसद गजेंद्र पटेल ने हिंदुओं से 'हम दो, हमारे पांच' का नारा दिया।
जनसंख्या संतुलन के लिए पांच बच्चे पैदा करने की अपील की।
युवाओं को समय पर विवाह और योग, व्यायाम अपनाने की सलाह दी।
डिजिटल डेस्क, बड़वानी। आगामी नवरात्र के बाद प्रस्तावित भंडारे की तैयारियों को लेकर कालिका माता मंदिर परिसर में आयोजित बैठक में उस समय चर्चा का नया विषय सामने आ गया, जब खरगोन-बड़वानी सांसद गजेंद्र सिंह पटेल ने जनसंख्या संतुलन और परिवार के आकार को लेकर अपनी बात रखी। सांसद ने हिंदू परिवारों से ‘हम दो, हमारे पांच’ के नारे के साथ कम से कम पांच बच्चे पैदा करने की अपील की। साथ ही युवाओं से समय पर विवाह करने और परिवार बढ़ाने का आह्वान किया।
सांसद के इस बयान के बाद शनिवार को बड़वानी के राजनीतिक और सामाजिक हलकों में इसकी चर्चा रही। बैठक में कांग्रेस विधायक राजन मंडलोई, पूर्व मंत्री प्रेमसिंह पटेल समेत अन्य जनप्रतिनिधि और ग्रामीण भी मौजूद थे।
भंडारे की बैठक में उठा जनसंख्या संतुलन का मुद्दा
बैठक का मुख्य एजेंडा नवरात्र के बाद होने वाले भंडारे की व्यवस्थाओं पर चर्चा करना था। इसी दौरान सांसद पटेल ने जनसंख्या संतुलन का मुद्दा उठाया। उन्होंने कहा कि यदि जनसंख्या का संतुलन नहीं रहा तो हिंदू समाज अल्पसंख्यक हो सकता है।
पटेल ने युवाओं से समय पर विवाह करने और परिवार विस्तार पर विचार करने की अपील की। उन्होंने कहा कि बदलती सामाजिक परिस्थितियों में परिवारों में बच्चों की संख्या कम हुई है। अपने संबोधन में उन्होंने हिंदुओं की जन्मदर 1.9 और अन्य समाज की 2.9 होने का दावा किया। ये आंकड़े सांसद के वक्तव्य के रूप में सामने आए हैं।
समय पर विवाह और पारंपरिक व्यायाम का संदेश
सांसद ने विवाह की बढ़ती उम्र और छोटे परिवार की प्रवृत्ति का उल्लेख करते हुए कहा कि पहले कम उम्र में विवाह होने से परिवार जल्दी बढ़ते थे। उन्होंने युवाओं से समय पर विवाह करने की बात कही।
इसके साथ ही पटेल ने युवाओं को जिम के बजाय योग और पारंपरिक अखाड़ों में व्यायाम करने की सलाह दी। उन्होंने अखाड़ा संस्कृति को शारीरिक क्षमता, अनुशासन और आत्मरक्षा के प्रशिक्षण से जोड़ते हुए इसे युवाओं के लिए उपयोगी बताया।
‘दहेज, डीजे और दारू’ से दूर रहने की अपील
सांसद ने अपने संबोधन में सामाजिक कुरीतियों और नशे का मुद्दा भी उठाया। उन्होंने युवाओं से दहेज, डीजे और शराब से दूरी बनाने की अपील की। साथ ही नशे से दूर रहकर स्वस्थ और अनुशासित जीवनशैली अपनाने का संदेश दिया।
‘शास्त्र के साथ शस्त्र’ का भी किया उल्लेख
पटेल ने सनातन परंपरा में देवी-देवताओं के स्वरूप का उल्लेख करते हुए ‘शास्त्र के साथ शस्त्र’ की बात कही। उन्होंने विपरीत परिस्थितियों में व्यक्ति, समाज और देश की सुरक्षा के संदर्भ में आत्मरक्षा के अधिकार का भी उल्लेख किया।
यह भी पढ़ें- भागीरथपुरा दूषित जलकांड का काला सच: शिकायतें मिलती रहीं, सिस्टम सोता रहा; 36 मौतों पर जांच रिपोर्ट में बड़ा खुलासा
भंडारे की बैठक में छाया परिवार और जनसंख्या का मुद्दा
कालिका माता मंदिर परिसर में हुई बैठक भले ही भंडारे की तैयारियों के लिए बुलाई गई थी, लेकिन सांसद के संबोधन में जनसंख्या संतुलन और परिवार विस्तार का मुद्दा प्रमुखता से सामने आया। इसके अलावा उन्होंने युवाओं की भूमिका, अखाड़ा संस्कृति, नशामुक्ति, दहेज और आत्मरक्षा जैसे विषयों पर भी अपनी बात रखी। हालांकि, बैठक के बाद सबसे ज्यादा चर्चा उनके ‘हम दो, हमारे पांच’ वाले बयान की ही रही।
