राजा रघुवंशी मर्डर केस में नया मोड़; सोनम रघुवंशी की जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट पहुंची मेघालय सरकार
मेघालय सरकार ने ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी हत्याकांड की मुख्य आरोपित पत्नी सोनम रघुवंशी को मिली जमानत के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर की है।

सोनम रघुवंशी की जमानत के खिलाफ अब 'सुप्रीम' सुनवाई। (प्रतीकात्मक चित्र)
HighLights
मेघालय सरकार ने सोनम रघुवंशी की जमानत को चुनौती दी।
सुप्रीम कोर्ट में शुक्रवार को इस मामले की सुनवाई होगी।
सोनम को निचली कोर्ट से जमानत मिली, रोहित ने उसे रखा बरकरार।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। इंदौर के ट्रांसपोर्ट कारोबारी राजा रघुवंशी की पिछले साल शिलांग में हनीमून के दौरान हुई हत्या के सनसनीखेज मामले में नया कानूनी मोड़ आ गया है। मामले की मुख्य आरोपित और मृतक की पत्नी सोनम रघुवंशी को मेघालय हाई कोर्ट से मिली जमानत के खिलाफ मेघालय सरकार ने सुप्रीम कोर्ट का दरवाजा खटखटाया है।
राज्य सरकार ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दायर कर हाई कोर्ट के जमानत बरकरार रखने के आदेश को चुनौती दी है। इस मामले में शुक्रवार को सर्वोच्च न्यायालय में सुनवाई प्रस्तावित है, जहां मेघालय सरकार सोनम रघुवंशी की जमानत निरस्त करने की मांग करेगी।
हनीमून के दौरान हुई थी सनसनीखेज वारदात
राजा रघुवंशी और उनकी पत्नी सोनम रघुवंशी 21 मई 2025 को हनीमून मनाने के लिए इंदौर से मेघालय के शिलांग पहुंचे थे। 26 मई को दोनों सोहरा क्षेत्र घूमने निकले, जिसके बाद उनका संपर्क टूट गया और दोनों लापता हो गए। पुलिस, एनडीआरएफ, एसडीआरएफ और स्थानीय बचाव दल ने कई दिनों तक व्यापक तलाशी अभियान चलाया।
करीब एक सप्ताह बाद, 2 जून 2025 को राजा रघुवंशी का शव सोहरा स्थित वेई सादोंग फॉल्स के पास एक गहरी खाई से बरामद हुआ। शव मिलने के बाद मामला राष्ट्रीय स्तर पर सुर्खियों में आ गया था।
यह भी पढ़ें- उज्जैन में शर्मनाक घटना: दूसरे पति संग लौटी महिला को जूतों की माला पहनाकर गांव में घुमाया, बाल काटे और कपड़े फाड़े
पत्नी पर हत्या की साजिश रचने का आरोप
जांच एजेंसियों का आरोप है कि सोनम रघुवंशी ने अपने कथित प्रेमी राज कुशवाहा के साथ मिलकर पति की हत्या की साजिश रची थी। इस मामले में राज कुशवाहा के अलावा विशाल चौहान, आकाश राजपूत और आनंद कुर्मी को भी आरोपित बनाया गया है।
हालांकि, सभी आरोपित अपने ऊपर लगे आरोपों से इंकार कर चुके हैं। मामला फिलहाल न्यायालय में विचाराधीन है और जांच व न्यायिक प्रक्रिया जारी है।
