विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

मंदसौर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेस वे पर भीषण हादसा: ट्रक में घुसी तेज रफ्तार कार; तीन दोस्तों की मौके पर मौत, एक घायल

Published: Tue, 15 Sep 2026 03:15 PM (IST)

मंदसौर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर गरोठ के पास भीषण सड़क हादसा हुआ। तेज रफ्तार कार ट्रक में घुसने से तीन ...और पढ़ें

हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई।

HighLights

  1. गरोठ के पास मंगलवार सुबह हुआ भीषण सड़क हादसा।

  2. गुरुग्राम से राजस्थान के चाचावाड़ा जा रहे थे कार सवार।

  3. ट्रक की पिछली लाइट बंद होने से हादसा, कार के उड़े परखच्चे।

डिजिटल डेस्क, इंदौर। मंदसौर में दिल्ली-मुंबई एक्सप्रेसवे पर हादसों का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा है। मंगलवार सुबह गरोठ के पास एक बार फिर भीषण सड़क हादसा हो गया। एक्सप्रेसवे पर चढ़ रहे ट्रक में पीछे से तेज रफ्तार कार जा घुसी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई और उसमें सवार तीन युवकों की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में एक युवक घायल हुआ है।

हादसा गरोठ एंट्री गेट के पास उस समय हुआ, जब एक ट्रक एक्सप्रेसवे पर प्रवेश कर रहा था। इसी दौरान तेज गति से आ रही कार ट्रक के पिछले हिस्से में जा घुसी। कार सवार चारों युवक गुरुग्राम से राजस्थान के बांसवाड़ा के पास स्थित प्रसिद्ध पर्यटन स्थल चाचाकोटा जा रहे थे।

इनकी हुई मौत

हादसे में अरविंद पुत्र रोशनलाल निवासी सिकंदरपुर, गुरुग्राम, बिंदर पुत्र जगतसिंह निवासी नाथूपुर, गुरुग्राम और कैलाश निवासी अलवर (राजस्थान) की मौत हो गई। टक्कर के बाद कार बुरी तरह ट्रक के पिछले हिस्से में फंस गई थी। शवों को निकालने के लिए काफी मशक्कत करनी पड़ी।

ट्रक की पिछली लाइट बंद होने का आरोप

हादसे में विजेंदर पुत्र हरपाल निवासी नाथूपुर, गुरुग्राम घायल हुए हैं। मौके पर मौजूद लोगों के मुताबिक, ट्रक के पीछे की लाइट बंद होने के कारण कार चालक को ट्रक दिखाई नहीं दिया और कार सीधे उसमें जा घुसी।

यह भी पढ़ें- पीथमपुर की मित्तल कंपनी में नाइट्रोजन टैंक फटा, जोरदार धमाके से मची अफरा-तफरी; घायल 3 श्रमिकों में दो की हालत गंभीर

घायल विजेंदर ने भी बताया कि ट्रक के एक्सप्रेसवे पर आने के दौरान उसकी पीछे की लाइट बंद थी। हादसे के वक्त बारिश भी हो रही थी, जिससे दृश्यता कम थी। ऐसे में तेज रफ्तार कार चालक को ट्रक समय पर नजर नहीं आया और भीषण टक्कर हो गई।

हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत-बचाव कार्य शुरू किया। मृतकों के शवों को कार से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया है। पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।