खरगोन में पहाड़ों के बीच 'नो नेटवर्क एरिया' में हो रही थी गांजे की खेती, ड्रोन ने खोला राज; 60 क्विंटल नशे की फसल जब्त
खरगोन पुलिस ने 'ऑपरेशन प्रहार' के तहत दुर्गम क्षेत्रों में ड्रोन की सहायता से अवैध गांजे की खेती का भंडाफोड़ ...और पढ़ें

पहाड़ों के बीच उगाए जा रहे थे गांजे के पौधे। (सौजन्य- पुलिस)
HighLights
'ऑपरेशन प्रहार' के तहत खरगोन पुलिस की बड़ी कार्रवाई।
दुर्गम 'नो-नेटवर्क' क्षेत्र में अवैध गांजे की खेती का खुलासा।
ड्रोन की सहायता से 60 क्विंटल गांजे के पौधे जब्त।
डिजिटल डेस्क, खरगोन। नशे के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान ‘ऑपरेशन प्रहार’ के तहत खरगोन पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। चैनपुर थाना क्षेत्र के दुर्गम और नो-मोबाइल नेटवर्क वाले शैडो एरिया में पुलिस ने दो अलग-अलग स्थानों पर दबिश देकर अवैध रूप से उगाए गए गांजे के 15,191 पौधे जब्त किए हैं। जब्त पौधों का कुल वजन 5,974 किलोग्राम यानी करीब 59.74 क्विंटल बताया गया है।
पुलिस ने यह कार्रवाई ड्रोन कैमरों की मदद से खेतों की मैपिंग करने के बाद की। पहाड़ी क्षेत्र, नदी-नालों और दुर्गम रास्तों के बीच कई किलोमीटर का सफर तय कर पुलिस टीम खेतों तक पहुंची। पौधों को उखाड़कर जब्त करने में पुलिसकर्मियों को कई घंटे मशक्कत करनी पड़ी।
मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई
एसपी रविंद्र वर्मा ने सोमवार को पुलिस कंट्रोल रूम में कार्रवाई की जानकारी दी। उन्होंने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी कि चैनपुर थाना क्षेत्र के ग्राम जामली और गुवाड़ा ठाटा फलिया में कुछ लोगों ने अपने खेतों में अवैध गांजे की खेती कर रखी है।
इलाका बेहद दुर्गम और पहाड़ी होने के साथ नदी-नालों से घिरा है। मोबाइल नेटवर्क नहीं होने के कारण पुलिस के लिए यहां कार्रवाई करना चुनौतीपूर्ण था। पुलिस टीम ने पहले ड्रोन कैमरों के जरिए संदिग्ध खेतों की पहचान और मैपिंग की। इसके बाद टीम ने मौके पर पहुंचकर दोनों स्थानों पर कार्रवाई की।

जामली में 9,391 पौधे मिले
ग्राम जामली में पुलिस ने दंगलिया, मधू और सुखलाल के खेतों की घेराबंदी कर दबिश दी। यहां से 9,391 गांजे के पौधे जब्त किए गए। इनका कुल वजन 3,765 किलोग्राम यानी 37.65 क्विंटल बताया गया है।
पुलिस ने मामले में दंगलिया पिता भुवान, मधू पिता दंगलिया और सुखलाल पिता केरिया के खिलाफ चैनपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज किया है।

गुवाड़ा ठाटा फलिया में 5,800 पौधे जब्त
दूसरी कार्रवाई गुवाड़ा ठाटा फलिया में की गई। यहां पुलिस टीम ने जागीर पिता बुटसिंह के खेत पर दबिश देकर 5,800 गांजे के पौधे जब्त किए। इनका कुल वजन 2,209 किलोग्राम यानी 22.09 क्विंटल है। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ चैनपुर थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत प्रकरण दर्ज कर लिया है। मामले की जांच जारी है।
यह भी पढ़ें- आलीराजपुर में सगाई के बाद भी प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक, परिजनों ने गला घोंट मार डाला; युवती समेत तीन गिरफ्तार
ड्रोन से निगरानी, फिर दुर्गम खेतों तक पहुंची टीम
पुलिस के मुताबिक, दोनों स्थानों पर कार्रवाई के दौरान ड्रोन तकनीक काफी मददगार रही। नेटवर्क विहीन और दुर्गम इलाकों में पहले ड्रोन से खेतों की पहचान की गई, इसके बाद पुलिस टीम ने जमीन पर पहुंचकर गांजे के पौधों को उखाड़कर जब्त किया। ऑपरेशन प्रहार के तहत की गई इस कार्रवाई में करीब 60 क्विंटल गांजा फसल जब्त होना जिले में अवैध खेती के खिलाफ बड़ी कार्रवाई मानी जा रही है।
