आलीराजपुर में सगाई के बाद भी प्रेमिका से मिलने पहुंचा युवक, परिजनों ने गला घोंट मार डाला; युवती समेत तीन गिरफ्तार
आलीराजपुर जिले के अमनकुआं में 21 वर्षीय युवक मनीष डामोर की हत्या का खुलासा हुआ है। प्रेम संबंध और युवती ...और पढ़ें

-प्रतीकात्मक चित्र।
HighLights
आलीराजपुर में 21 वर्षीय युवक मनीष डामोर की हत्या का खुलासा।
प्रेम संबंध और युवती की सगाई के बाद भी मुलाकात जारी थी।
युवती, उसकी मां और भाई ने मिलकर हत्या की और शव फेंक दिया।
डिजिटल डेस्क, इंदौर। आलीराजपुर जिले के ग्राम अमनकुआं में 21 वर्षीय युवक की हत्या के मामले का पुलिस ने राजफाश कर दिया है। पुलिस के अनुसार, प्रेम संबंध और युवती की सगाई के बाद भी दोनों के बीच मुलाकात जारी रहने को लेकर विवाद हुआ था। इसी विवाद में युवक की हत्या किए जाने का आरोप है। पुलिस ने मामले में युवती, उसकी मां और भाई को गिरफ्तार किया है। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया।
खेत की मेड़ पर मिला था युवक का शव
पुलिस के मुताबिक, 20 सितंबर को ग्राम अमनकुआं के खोड़अम्बा स्थित शिव मंदिर के पास खेत की मेड़ पर एक अज्ञात युवक का शव पड़ा होने की सूचना मिली थी। चंद्रशेखर आजाद नगर थाना पुलिस ने मर्ग कायम कर जांच शुरू की। बाद में मृतक की पहचान अमनकुआं के कनेशनगलिया फलिया निवासी मनीष डामोर के रूप में हुई।
मर्ग जांच के दौरान पुलिस ने मृतक के स्वजन और आसपास के लोगों से पूछताछ की। पोस्टमार्टम रिपोर्ट में युवक की मौत गला घोंटने से होने की पुष्टि हुई। शरीर पर चोट के निशान भी मिले। इसके बाद पुलिस ने हत्या का प्रकरण दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई।
सीने पर गुदे नाम से पुलिस को मिला अहम सुराग
जांच के दौरान पुलिस की नजर मृतक के सीने पर गुदे एक युवती के नाम पर गई। पुलिस ने जब इस नाम की पड़ताल की तो पता चला कि युवती मृतक के ही मोहल्ले में रहती है। पूछताछ में दोनों के बीच प्रेम संबंध होने की बात सामने आई।
पुलिस के अनुसार, युवती के परिवार ने उसकी सगाई किसी अन्य युवक से तय कर दी थी। इसके बावजूद मनीष का युवती से मिलना-जुलना जारी था। इसी बात को लेकर विवाद की स्थिति बनी हुई थी।
सगाई टूटने के डर से युवती ने मिलने से किया था मना
पुलिस के मुताबिक, घटना वाली रात मनीष युवती से मिलने उसके घर पहुंचा था। युवती ने सगाई टूटने की आशंका के चलते उससे मिलने से मना किया। इसी दौरान मनीष के घर पहुंचने की जानकारी उसके स्वजन को हो गई।
पुलिस का आरोप है कि इसके बाद युवती के स्वजन ने मनीष के साथ मारपीट की। इसी दौरान युवती के भाई ने उसका गला घोंट दिया, जिससे उसकी मौत हो गई। आरोप है कि बाद में युवती और उसके भाई ने शव को गांव के पास खेत की मेड़ पर ले जाकर फेंक दिया।
यह भी पढ़ें- इंदौर में बेकाबू 'पीएम ई-बस' ने चार राहगीरों को रौंदा, एक की मौत; उग्र भीड़ ने किया पथराव
युवती, मां और भाई गिरफ्तार
पुलिस ने जांच के आधार पर युवती, उसकी मां और भाई को गिरफ्तार कर लिया। तीनों को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक अभिरक्षा में जेल भेज दिया गया। पुलिस मामले में घटनाक्रम से जुड़े अन्य पहलुओं की भी जांच कर रही है।
